बुलेट ट्रेन के लिए मुफ्त जमीन देगी यूपी सरकार
मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रेलमंत्री सुरेश प्रभु को पत्र लिखकर बुलेट ट्रेन चलाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि सरकार इस प्रस्ताव पर सहमत होती है तो जमीन मुफ्त मुहैया कराएंगे।
कुछ ऐसा ही ऑफर उन्होंने निर्माणाधीन आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के लिए भी दिया है। वहीं रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी का कहना है कि बजट के दो दिन पूर्व इस प्रकार का प्रस्ताव भेजना मात्र औपचारिकता है।
मुख्यमंत्री ने मंगलवार को भेजे पत्र में इटावा-मैनपुरी के बीच डाली जा रही बड़ी लाइन का कार्य इसी वित्तीय वर्ष में संपन्न कराने की मांग की है। इसके लिए आवश्यक राशि का प्रावधान भी बजट में करने की अनुरोध किया है।
रेलवे स्टेशन को सेटेलाइट स्टेशन बनाने का प्रस्ताव
यह भी कहा है कि कानपुर शहर में अनवरगंज से मंधना तक की रेललाइन हटाकर मंधना से पनकी स्टेशन को लाइन डालकर जोड़ा जाए।
उन्होंने तर्क दिया है कि इससे कानपुर शहर में जीटी रोड पर पड़ने वाली दस से ज्यादा क्रॉसिंग पर जाम की दिक्कत समाप्त होगी। इसके अतिरिक्त प्रदेश के बड़े शहरों को ट्रैफिक की समस्या से निजात दिलाने के लिए अधिक फ्लाईओवर बनाने की भी मांग की है।
राजधानी में चारबाग और ऐशबाग रेलवे स्टेशन को सेटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने और इलाहाबाद-कानपुर के बीच तीसरी रेलवे लाइन बिछाने का भी अनुरोध किया है।