अपना काम करने के लिए युवाओं का मिलेगा 10 लाख का लोन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार के कौशल विकास मिशन में प्रशिक्षित किए जा रहे युवाओं को भारतीय स्टेट बैंक प्रधानमंत्री मुद्रा योजना के तहत 50 हजार से 10 लाख रुपये तक का ऋण दिलाने में मदद करेगा।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में बुधवार को आयोजित विश्व युवा कौशल दिवस कार्यक्रम में स्टेट बैंक और व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री अभिषेक मिश्र ने सैकड़ों युवाओं के सामने यह प्रस्ताव रखा।
मिश्र ने एसबीआई के महाप्रबंधक रंजन कुमार द्विवेदी से कहा कि वे इन प्रशिक्षित युवाओं में से जो खुद का काम करना चाहें,उन्हें प्रोत्साहन दें। इससे पहले कार्यक्रम में प्रदेश के विभिन्न मंडलों से आए प्रशिक्षित युवाओं ने अपने अनुभव सामने रखे। ऐसे युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए,जिन्होंने प्रशिक्षण लेकर नौकरियां पाई हैं।
इन्हीं युवाओं द्वारा अपने कौशल से बनाए उत्पादों की प्रदर्शनी देखते हुए मंत्री अभिषेक मिश्र और उनके विभाग के अधिकारियों ने युवाओं को सराहा। विशेष सचिव व कौशल विकास मिशन की निदेशक अनिता श्रीवास्तव ने बताया कि जहां जापान की 80 प्रतिशत और कोरिया की 96 प्रतिशत आबादी किसी न किसी कौशल में प्रशिक्षित है,वहीं भारत में यह आंकड़ा 10 प्रतिशत है।
हालांकि उप्र में इस दिशा में काम करके 1.27 लाख युवाओं को प्रशिक्षण दिया गया है। समारोह में कौशल विकास सचिव भुवनेश कुमार,निदेशक प्रशिक्षण राजेंद्र प्रसाद, एसोचैम के प्रतिनिधि दीपक शुक्ला और सोशल एक्शन फॉर वेलफेयर एंड कल्चरल एडवांसमेंट (स्वाका) के विवेक तिवारी भी मौजूद थे।
युवाओं को मिले नियुक्ति पत्र,साइकिल,नकद पुरस्कार और मोबाइल
कार्यक्रम में युवाओं में 111 को नियुक्ति पत्र दिए गए। इन्होंने अपनी पढ़ाई और कौशल के अनुरूप विभिन्न निजी व अर्द्ध सरकारी कंपनियों में नियुक्तियां हासिल की हैं।
संस्था स्वाका ने अपने यहां से प्रशिक्षण प्राप्त 62 युवाओं को साइकिलें दीं। मनीराम व तरन्नुम को ट्राई साइकिलें दी गईं। प्रशिक्षण के दौरान श्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए अमन फातिमा को एक्टिवा व अंकित कुमार को मोटरसाइकिल दी गई।
सरकार और प्रशिक्षण प्रदाताओं ने अपने यहां कौशल प्रशिक्षण पाए युवाओं को पुरस्कृत किया। इनमें आईटीआई संस्थानों में सर्वोच्च अंक पाने वाले 81 युवाओं को 5100 रुपये नकद दिए गए। एसोचैम व स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने 170 प्रशिक्षणार्थियों को मोबाइल फोन दिए।
इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री अभिषेक मिश्र ने बच्चों को साइकिल,स्कूटी, बाइक, ट्राई साइकिलें देकर प्रोत्साहित किया। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में विश्व युवा कौशल दिवस कार्यक्रम में स्टेट बैंक व व्यावसायिक शिक्षा एवं कौशल विकास मंत्री अभिषेक मिश्र ने बच्चों को सम्मानित किया।