यूपी: प्रदेश में सोना रखकर लोन लेने का बढ़ा चलन, दस महीनों में लिया 30 हजार करोड़ का गोल्ड लोन; जानिए आंकड़े
Gold loan in UP: यूपी में जेवर रखकर लोन लेने का ट्रेंड बढ़ा है। उत्तर प्रदेश में सोने की बढ़ती कीमतों ने नकदी जुटाने का बड़ा रास्ता खोल दिया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में सोने की बढ़ती कीमतों ने नकदी जुटाने का बड़ा रास्ता खोल दिया है। घरों में रखे गहनों के बदले कर्ज लेने का चलन तेजी से बढ़ा है। नतीजतन राज्य में गोल्ड लोन ने रिकॉर्ड स्तर छू लिया है। क्रेडिट इंफॉर्मेशन सर्विसेज प्रा. लि. (क्रिफ हाई मार्क) की क्रेडिटस्केप रिपोर्ट के अनुसार नवंबर 2025 तक यूपी में करीब 30 हजार करोड़ रुपये का गोल्ड लोन बांटा जा चुका है। सिर्फ एक साल में इस श्रेणी में करीब 50 फीसदी की वृद्धि देखी गई।
यूपी अब देश के शीर्ष 10 राज्यों में शामिल हो गया है, जहां गोल्ड लोन का बाजार विकसित हो रहा है। इस सूची में यूपी सातवें स्थान पर है। वहीं, दक्षिण भारतीय राज्यों का दबदबा अभी भी कायम है। देश के कुल गोल्ड लोन पोर्टफोलियो का करीब 91 प्रतिशत हिस्सा सिर्फ शीर्ष 10 राज्यों में है। इसमें यूपी भी शामिल है। राज्य का कुल पोर्टफोलियो लगभग 0.3 लाख करोड़ रुपये दर्ज किया गया। इसमें सालाना करीब 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
विशेषज्ञों का कहना है कि सोने की कीमतों में लगातार तेजी के कारण लोगों की कर्ज लेने की पात्रता बढ़ी है। इसलिए कम समय में गोल्ड लोन का आकार तेजी से बढ़ा है। रिपोर्ट के मुताबिक नवंबर 2025 तक देश भर में गोल्ड लोन पोर्टफोलियो में 41.9 फीसदी की सालाना वृद्धि हुई, जो अन्य रिटेल लोन श्रेणियों से कहीं अधिक है।
यूपी में कर्ज चुकाने में देरी के मामले अपेक्षाकृत अधिक
यूपी में भी गोल्ड लोन का तेजी से विस्तार हुआ लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक यहां जोखिम का स्तर राष्ट्रीय औसत से अधिक है। यानी कर्ज चुकाने में देरी के मामले अपेक्षाकृत ज्यादा हैं, जिसने बैंकों और वित्तीय संस्थानों को सतर्क कर दिया है।
गोल्ड लोन बाजार में सार्वजनिक क्षेत्रों के बैंकों का दबदबा
गोल्ड लोन बाजार में सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों का दबदबा है। ये बैंक देश भर में करीब 60 फीसदी हिस्सेदारी रखते हैं। वहीं, गोल्ड लोन पर केंद्रित गैर बैंकिंग वित्तीय कंपनियां (एनबीएफसी) की लोन संख्या तेजी से बढ़ रही है। 2.5 लाख रुपये से अधिक के गोल्ड लोन का हिस्सा बढ़कर 8 माह में 59 प्रतिशत से ज्यादा हो गया है। यानी लोग अब बड़ी रकम के लिए भी सोने को गिरवी रख रहे हैं। दरअसल, गोल्ड लोन मध्यम वर्ग और छोटे व्यवसायियों के बीच तेजी से लोकप्रिय हो रहा है। वहीं, यह एक सुरक्षित कर्ज श्रेणी भी माना जाता है क्योंकि इसमें कोलेटरल के रूप में सोना मौजूद रहता है।
टॉप-10 राज्य और गोल्ड लोन पोर्टफोलियो
आंध्र प्रदेश – 2.6 लाख करोड़ (16.6%)
कर्नाटक – 1.5 लाख करोड़ (9.8%)
तेलंगाना – 1.3 लाख करोड़ (8.5%)
केरल – 1.2 लाख करोड़ (8.0%)
महाराष्ट्र – 0.9 लाख करोड़ (5.7%)
उत्तर प्रदेश – 0.3 लाख करोड़ (2.1%)
गुजरात – 0.3 लाख करोड़ (3.0%)
राजस्थान – 0.3 लाख करोड़ (2.1%)
ओडिशा – 0.3 लाख करोड़ (1.8%)