UP: पिता ने खुद आत्महत्या के लिए बनाया फंदा, बेटी ने उसी से लटककर दी जान; मां खिड़की से लाश देख हुई बेहोश
लखनऊ के बख्शी का तालाब क्षेत्र में पारिवारिक विवाद के बीच एक किशोरी ने आत्महत्या कर ली। बताया गया कि पिता ने नशे में घर में फंदा बनाया था, जिसे लोगों ने उसे नीचे उतारकर हटा दिया। बाद में किशोरी ने उसी फंदे से जान दे दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
विस्तार
लखनऊ में मदारीपुर गांव निवासी धर्मेंद्र ने नशे की हालत में बच्चों के साथ मारपीट की। इसके बाद उसने खुद आत्महत्या करने के लिए घर में फंदा बनाया। लोगों ने किसी तरह उसे समझा-बुझाकर शांत कराया। इस बीच धर्मेंद्र की बेटी माही गौतम (14) ने पिता के बनाए फंदे से लटककर जान दे दी।
माही के मामा राजकुमार ने पुलिस को बताया कि माही गौतम सरकारी स्कूल में कक्षा नौ की छात्रा थी। उनके बहनोई धर्मेंद्र शराब के नशे में पिछले कुछ दिनों से पत्नी गीता, बेटे अंकुश और बेटियों माही व ज्योति के साथ मारपीट करते रहते थे। दो दिन पहले धर्मेंद्र ने घरवालों के साथ मारपीट करने के साथ ही बांका लेकर पत्नी और बच्चों को मारने के लिए दौड़ाया था। इससे आहत होकर पत्नी और बच्चे पड़ोस में रहने चले गए थे।
सोमवार को धर्मेंद्र ने अपना मोबाइल बेचकर सुबह से ही शराब पीना शुरू कर दिया था। नागपंचमी का त्योहार मनाने के लिए पत्नी गीता जब बच्चों के साथ घर पहुंची तो धर्मेंद्र ने दोबारा लड़ाई-झगड़ा शुरू कर दिया। नशे की हालत में उसने फंदे से लटककर आत्महत्या करने की बात कही और एंगल में कंबल के सहारे फंदा लगा लिया। यह देखकर पत्नी ने आसपास के लोगों को बुलाया, जिन्होंने किसी तरह उसे नीचे उतार लिया।
चुपचाप अंदर गई किशोरी ने कर ली आत्महत्या
धर्मेंद्र पत्नी और बच्चों के साथ-साथ आसपास के लोगों को भी गाली देने लगा। उसकी हरकत देखकर स्थानीय लोग वहां से हट गए। पिता के व्यवहार से आहत बेटी माही घर के अंदर चली गई और पिता के बनाए फंदे के सहारे लटककर जान दे दी। कुछ देर तक जब माही मां को नजर नहीं आई तो गीता ने अंदर जाकर देखा।
वहां बेटी को फंदे से लटका पाया। लोगों की मदद से माही को राम सागर मिश्र अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस मामले में गीता ने पति के खिलाफ पुलिस से शिकायत की है। इंस्पेक्टर बख्शी का तालाब संजय सिंह ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मौत की सही वजह पता चल सकेगी। इसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।