UP : 'सहारा शहर' में कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, वेतन और पीएफ न मिलने पर दिया धरना
लखनऊ में सहारा समूह के कर्मचारियों ने वेतन और पीएफ जैसे लंबित भुगतान की मांग को लेकर धरना प्रदर्शन किया।
विस्तार
सहारा समूह के कर्मचारियों ने मंगलवार को गोमती नगर स्थित 'सहारा शहर' में वेतन और पीएफ (भविष्य निधि) जैसे लंबित भुगतान की मांग को लेकर कामकाज ठप कर धरना प्रदर्शन किया। सैकड़ों की संख्या में एकत्रित कर्मचारियों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। अपनी वर्षों की मेहनत के बदले बकाया भुगतान की मांग की।
कर्मचारियों का आरोप है कि साल 2014 से अब तक उनका पीएफ नहीं जमा किया गया है। महीनों से वेतन का भी भुगतान नहीं हो रहा। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि उन्होंने अपना पूरा जीवन सहारा समूह में सेवा देकर गुजारा, लेकिन अब जब उन्हें सबसे अधिक जरूरत है, तो कंपनी ने उनका पैसा रोक रखा है।
'हमारा भविष्य अंधकारमय हो गया है'
धरने में शामिल एक वरिष्ठ कर्मचारी ने कहा, "हमने पूरी जिंदगी सहारा को दे दी, अब हमारी जिंदगीभर की कमाई फंसी हुई है। पहले हमारा पैसा दो, फिर कंपनी को बंद करो या जो करना है करो।
लेकिन हमारे साथ अन्याय नहीं होना चाहिए। कर्मचारियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही उनकी मांगे पूरी नहीं की गईं तो वे बड़े स्तर पर आंदोलन छेड़ेंगे और कानूनी कार्रवाई के लिए बाध्य होंगे।
प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं
धरने के दौरान सहारा समूह की ओर से कोई वरिष्ठ अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा, न ही अब तक कोई आधिकारिक बयान जारी किया गया है। इससे कर्मचारियों में और भी नाराजगी देखी गई।
सरकार और श्रम विभाग से हस्तक्षेप की मांग
प्रदर्शनकारी कर्मचारियों ने राज्य सरकार और श्रम विभाग से तत्काल हस्तक्षेप करने की मांग की है। कर्मचारियों का कहना है कि जब तक उनका वेतन और पीएफ क्लियर नहीं किया जाता, वे पीछे हटने वाले नहीं हैं।