यूपी: दिवाली बाद शुरू होगा ग्रीन कॉरिडोर का डालीगंज फ्लाईओवर, अब 12 किमी का सफर महज 20 मिनट में
लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर का 1.1 किलोमीटर लंबा डालीगंज फ्लाईओवर दिवाली के बाद यातायात के लिए खुलने की तैयारी है। इससे डालीगंज से पक्का पुल का सफर दो मिनट में पूरा होगा। बसंतकुंज से समतामूलक चौराहे तक 12 किलोमीटर की दूरी 20 मिनट से कम में तय हो सकेगी।
विस्तार
लखनऊ में ग्रीन कॉरिडोर का डालीगंज फ्लाईओवर बनकर तैयार हो गया है। दिवाली के बाद इसे यातायात के लिए खोलने की तैयारी है। 23 नवंबर को रक्षामंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के हाथों इसका लोकार्पण होने की उम्मीद है। फ्लाईओवर शुरू होने से डालीगंज से पक्का पुल तक का सफर महज दो मिनट में पूरा हो सकेगा। इससे पुराने लखनऊ के लोगों को जाम से बड़ी राहत मिलेगी।
फ्लाईओवर शुरू होने के बाद बसंतकुंज से गोमतीनगर के समतामूलक चौराहे तक करीब 12 किलोमीटर का सफर 20 मिनट से भी कम समय में पूरा किया जा सकेगा। ग्रीन कॉरिडोर को डालीगंज से पक्का पुल तक जोड़ने के लिए रेलवे क्रॉसिंग के अंडरपास और डालीगंज चौराहे के ऊपर से 1.1 किलोमीटर लंबा दो लेन का फ्लाईओवर बनाया गया है। सड़क से इसकी ऊंचाई करीब 25 मीटर है।
फ्लाईओवर का ढांचा तैयार होने के साथ ही डामरीकरण और स्ट्रीट लाइट लगाने का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। इसके शुरू होने से पक्का पुल से समतामूलक चौराहे तक ग्रीन कॉरिडोर पर वाहनों की आवाजाही निर्बाध हो सकेगी।
पुराने लखनऊ की 10 लाख आबादी को फायदा
गोमती नदी के किनारे करीब 28 किलोमीटर के दायरे में विकसित किए जा रहे ग्रीन कॉरिडोर का यह हिस्सा पुराने लखनऊ के लिए महत्वपूर्ण है। इससे करीब 10 लाख की आबादी को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है। अभी समतामूलक चौराहे से डालीगंज और बसंतकुंज से पक्का पुल तक ग्रीन कॉरिडोर पर आवागमन शुरू है। फ्लाईओवर निर्माण के चलते पक्का पुल से डालीगंज के बीच का हिस्सा बंद था।
इसके चालू होने से आईआईएम रोड से गोमतीनगर तक बिना जाम में फंसे आवागमन का रास्ता खुल जाएगा। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के मुताबिक, फ्लाईओवर शुरू होने से बड़ी आबादी को राहत मिलेगी और लोग बसंतकुंज से समतामूलक चौराहे तक पूरे ग्रीन कॉरिडोर पर आसानी से आ-जा सकेंगे।