राज बब्बर बोले, यूपी में एक ही जाति के दबंगई करने वाले सिखा रहे सोशलिज्म का पाठ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष राजबब्बर ने रविवार को तीनों ही प्रमुख पार्टियों सपा, बसपा व भाजपा पर हमला बोला। प्रदेश अध्यक्ष बनने के बाद पहली बार लखनऊ आए राजबब्बर ने सपा का नाम लिए बगैर कहा कि एक जाति की दबंगई करने वाले लोग सोशलिज्म की बात करते हैं।
पार्टी में एक ही परिवार के 12 लोग हैं और वे लोगों को सोशलिज्म का पाठ पढ़ाते हैं। उनके मुखिया जब विपक्ष में होते हैं तो कहते हैं कि भ्रष्टाचार व लूट-खसोट करने वाले जेल में होंगे। बाद में जब सत्ता में आ जाते हैं तो कहते हैं कि हम इन पर अंकुश लगाने में असमर्थ हैं।
राजबब्बर प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित सम्मान समारोह में बोल रहे थे। उन्होंने बसपा पर निशाना साधते हुए कहा कि आज एक-एक जाति के नेता हैं। कांशीराम ने दलितों व पिछड़ों को एकत्र किया था, लेकिन आज इस पार्टी से नेता निकलने लगे हैं। उन्हें लगने लगा है कि इस पार्टी में उनकी जाति के लोगों का भला अब नहीं होने वाला।
जब देश में नहीं मिलती तालियां तो विदेश जाते हैं मोदी
नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ने भाजपा का नाम लिए बगैर कहा कि सूबे में तीसरी पार्टी है जिसके नेता के दो साल सीटी बजाने में ही गुजर गए।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि लालाजी से पूछो, 73 सीटें लेकर गए हो, लेकिन यूपी को क्या दिया...? प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि जब उन्हें भारत में तालियां नहीं मिलती हैं तो वे विदेशों में तालियां बजवाने के लिए चले जाते हैं।
राजबब्बर ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह का नाम लिए बगैर कहा कि एक बड़े डील-डौल वाले मुखिया कह रहे हैं कि सूबे को कांग्रेस मुक्त कर देंगे। ये नेता यूपी के अंदर डील कर रहे हैं।
यह डील ...तू लाभ उठा हम फायदा ले लेंगे... की तर्ज पर हो रही है। राजबब्बर ने कार्यकर्ताओं को संकल्प दिलाया कि इस बार सूबे में कांग्रेस की सरकार बनाकर रहेंगे।
अब किसी की नहीं होगी जी हुजूरी...
राजबब्बर ने कहा कि अब पार्टी में किसी की जी हुजूरी नहीं होगी। सभी कार्यकर्ताओं को पार्टी के लिए जुटना होगा। टिकट बंटवारे में भाई-भतीजा, दोस्त, मेरा नेता व तेरा नेता नहीं चलेगा।
सेल्फी खींचने के लिए आगे आ रहे कार्यकर्ताओं से कहा कि यह सब बंद कर दीजिए। फोटो चाहिए तो मैं आपके घर आ जाऊंगा, वहां खिंचवा लेना।
कार्यकर्ताओं में भरा उत्साह
राजबब्बर ने अपने 45 मिनट के भाषण के दौरान कई बार कार्यकर्ताओं में उत्साह भरा। उन्होंने कहा कि यदि किसी ने कांग्रेस के किसी भी कार्यकर्ता को टेढ़ी आंख दिखाई तो हम उसकी धज्जियां उड़ा देंगे।
कुर्ता-पायजामा न पहनने का लिया था संकल्प
राजबब्बर ने कहा कि 1987 में उन्होंने संकल्प लिया था कि जब तक राजनीतिक पहचान नहीं मिलती, तब तक वे कुर्ता-पायजामा नहीं पहनेंगे। आज कांग्रेस ने उन्हें इस लायक बना दिया है कि वे खादी का कुर्ता-पायजामा पहन सकें। पार्टी आलाकमान ने उन पर जो भरोसा जताया है, उस पर वे पूरी तरह खरा उतरेंगे।