{"_id":"6166ed7b38f25c2f0673b4e0","slug":"up-challenge-for-law-and-order-in-front-of-police-for-the-whole-week-dgp-said-strong-arrangements-to-deal-with-the-situation","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी : पूरे सप्ताह पुलिस के सामने कानून व्यवस्था के लिए चुनौती, डीजीपी बोले- हालात से निपटने के पुख्ता इंतजाम","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी : पूरे सप्ताह पुलिस के सामने कानून व्यवस्था के लिए चुनौती, डीजीपी बोले- हालात से निपटने के पुख्ता इंतजाम
Wed, 13 Oct 2021 08:00 PM IST
पंकज श्रीवास्तव
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, लखनऊ
Published by: पंकज श्रीवास्तव
Updated Wed, 13 Oct 2021 08:00 PM IST
सार
एक ओर त्यौहार, दूसरी ओर किसान आंदोलन और तीसरा राजनैतिक दलों की सक्रियता ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। आतंकी घटनाओं को लेकर खुफिया एजेंसियों का अलर्ट अलग से है।
विज्ञापन
डीजीपी मुकुल गोयल।
विस्तार
प्रदेश पुलिस के लिए अगला एक सप्ताह काफी चुनौतीपूर्ण रहने वाला है। एक ओर त्यौहार, दूसरी ओर किसान आंदोलन और तीसरा राजनैतिक दलों की सक्रियता ने पुलिस की चुनौती बढ़ा दी है। आतंकी घटनाओं को लेकर खुफिया एजेंसियों का अलर्ट अलग से है। डीजीपी का दावा है कि हर तरह की चुनौती और हालात से सामना करने के लिए पुलिस तैयार है।
विज्ञापन
डीजीपी मुकुल गोयल ने बताया कि नवरात्र चल रहा है। एक सप्ताह में नवमी, दशहरा, बारावफात, किसान आंदोलन, एक दिन का विधानसभा का विशेष सत्र का आयोजन होना है। इसके अलावा राजनैतिक दलों की रथ यात्रा और धरना प्रदर्शन भी चल रहा है। ऐसे में पुलिस के लिए चुनौती बढ़ना स्वाभाविक है। उन्होंने कहा कि इसके लिए पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पर्याप्त संख्या में पुलिस बल और अर्ध सैनिक बल की व्यवस्था की गई है। सभी जिलों में सेक्टर स्कीम लागू की गई है। हर सेक्टर में जिम्मेदार अधिकारियों की तैनाती की गई है। उन्होंने बताया कि खुफिया एजेंसियों को भी सक्रिय किया गया है। हर छोटी से छोटी घटनाओं पर न सिर्फ नजर रखने के लिए कहा गया है बल्कि स्थानीय स्तर पर आपसी विवादों को लेकर भी पाबंद करने की कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन
गोयल ने बताया कि 15 अक्तूबर को दशहरा, 18 अक्तूबर को विधानसभा का एक दिन का विशेष सत्र और 19 अक्तूबर को बारावफात का त्यौहार महत्वपूर्ण है। किसान आंदोलन को लेकर भी सक्रियता पहले से बरकरार है। संवेदनशील जिलों में वरिष्ठ अधिकारियों को भेजा गया है। अराजक तत्वों पर नजर रखी जा रही है। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
विज्ञापन