यूपी: 68,500 शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने एससीईआरटी कार्यालय घेरा, आठ साल से कर रहे नियुक्ति का इंतजार
लखनऊ में 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती के अभ्यर्थियों ने 70 दिनों से जारी आंदोलन के तहत निशातगंज स्थित एससीईआरटी कार्यालय का घेराव किया। उनका आरोप है कि 2018 की भर्ती में आरक्षण संबंधी गड़बड़ी हुई। अभ्यर्थियों ने आयोगों के आदेश लागू कर विसंगतियां दूर करने और नियुक्ति देने की मांग की।
विस्तार
68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में नियुक्ति की मांग को लेकर अभ्यर्थियों का आंदोलन तेज हो गया है। बुधवार को 70 दिनों से प्रदर्शन कर रहे अभ्यर्थियों ने निशातगंज स्थित राज्य शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (एससीईआरटी) कार्यालय का घेराव किया। अभ्यर्थियों ने कार्यालय परिसर में जमीन पर बैठकर नारेबाजी की और भर्ती में आरक्षण संबंधी गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए नियुक्ति की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों का कहना है कि वर्ष 2018 में भर्ती प्रक्रिया शुरू हुई थी। उन्होंने आवेदन किया था, लेकिन आठ साल बीतने के बाद भी उन्हें नियुक्ति नहीं मिल सकी है। अभ्यर्थियों के मुताबिक, वे मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधायकों और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष तक अपनी मांग पहुंचा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं निकला।
मंत्रियों के सामने भी उठाया आरक्षण का मुद्दा
प्रदर्शनकारी नवीन ने बताया कि 10 सितंबर को उनकी मुलाकात बेसिक शिक्षा मंत्री संदीप सिंह और माध्यमिक शिक्षा मंत्री गुलाब देवी से हुई थी। बैठक में दोनों विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी मौजूद थे। नवीन का दावा है कि बैठक के दौरान मंत्रियों और अधिकारियों ने भर्ती में गड़बड़ी की बात स्वीकार की थी। उन्होंने कहा कि जब राज्य और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग भी आरक्षण में गड़बड़ी मान चुके हैं, तो अभ्यर्थियों को अब तक नियुक्ति क्यों नहीं दी गई। उनका कहना है कि आयोग के आदेशों का पालन कर नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जानी चाहिए।
आयोग के आदेशों का पालन करने की मांग
प्रदर्शनकारी तूफान सिंह ने आरोप लगाया कि 68,500 सहायक शिक्षक भर्ती में बड़े स्तर पर आरक्षण संबंधी गड़बड़ी हुई है। उनके मुताबिक, राज्य और राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग आयोग ने भी इस मामले में नियमों का पालन करने के निर्देश दिए हैं।अभ्यर्थियों की मांग है कि आयोग के आदेशों के अनुसार भर्ती में आरक्षण संबंधी विसंगतियां दूर कर उन्हें नियुक्ति दी जाए। उनका कहना है कि आठ साल से नौकरी का इंतजार कर रहे अभ्यर्थियों के भविष्य पर अनिश्चितता बनी हुई है। जब तक उनकी मांगों पर निर्णय नहीं होता, आंदोलन जारी रहेगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.