यूपी: लखनऊ पहुंचे बॉलीवुड अभिनेता रजा मुराद, बोले- क्रिकेट के रन बनेंगे जरूरतमंदों का भोजन, यही इंसानियत
लखनऊ में अभिनेता रजा मुराद ने खेल और मनोरंजन को सामाजिक सेवा से जोड़ने की पहल की सराहना की। रेस्टोरेंट क्रिकेट लीग के चौथे सीजन में हर 10 रन पर 100 जरूरतमंद लोगों को भोजन दिया जाएगा। आयोजन का उद्देश्य भूख, खाद्य बर्बादी और भोजन के सम्मान के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद ने कहा कि अगर क्रिकेट के रनों को भोजन में और मनोरंजन को सेवा में बदला जा सकता है, तो यह सिर्फ खेल नहीं, बल्कि इंसानियत से जुड़ा एक बड़ा उद्देश्य बन जाता है। वह लखनऊ के ताज होटल में हंगर फ्री भारत और आरसीएल-रेस्टोरेंट क्रिकेट लीग (आरसीएल) सीज़न-4 की विशेष प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि भूख के खिलाफ लड़ाई किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि पूरे समाज की जिम्मेदारी है। खेल और मनोरंजन की लोकप्रियता को सामाजिक बदलाव के लिए प्रभावी माध्यम बनाया जा सकता है। इससे पहले प्रेस वार्ता की शुरुआत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के उस संदेश से हुई, जिसमें खाद्य बर्बादी रोकने और भोजन के महत्व व सम्मान पर जोर दिया गया था।
100 जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा
हंगर फ्री भारत एवं आरसीएल के संस्थापक अरविंद कुमार ने बताया कि अक्तूबर में नई दिल्ली में होने वाले आरसीएल सीज़न-4 में एक अनोखी सामाजिक पहल के तहत हर 10 रन के बदले 100 जरूरतमंद लोगों को भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। प्रेस वार्ता में अभिनेता अरुण बख्शी और अवतार गिल के साथ भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।
आयोजकों ने बताया कि आरसीएल सीज़न-4 में भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम के अलावा किसान, ट्रांसजेंडर समुदाय, शेफ, सोशल मीडिया प्रभावक, दिल्ली पुलिस और स्कूल टीमें सहित विभिन्न वर्गों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। इसका उद्देश्य क्रिकेट के मैदान से आगे बढ़कर भूख, खाद्य बर्बादी, जिम्मेदार भोजन उपभोग और सामाजिक जिम्मेदारी के प्रति व्यापक जागरूकता पैदा करना है। इस अभियान का संदेश है कि भोजन का सम्मान करें, उसे साझा करें और कभी बर्बाद न करें।
अभिनेता अरुण बख्शी बोले- भोजन की बर्बादी के खिलाफ अभियान को मिलेगा बल
अभिनेता अरुण बख्शी ने कहा कि हंगर फ्री भारत और आरसीएल-रेस्टोरेंट क्रिकेट लीग के माध्यम से भूख और भोजन की बर्बादी के खिलाफ शुरू की गई पहल को सरकारी स्तर पर सहयोग मिलने से बड़ा बल मिलेगा। उन्होंने कहा कि उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को जब इस अभियान की जानकारी दी गई तो उन्होंने न सिर्फ मिलने का समय दिया, बल्कि इस पुनीत कार्य की सराहना करते हुए सरकार की ओर से समर्थन का भरोसा भी दिलाया।
ताज होटल में आयोजित प्रेस वार्ता में अरुण बख्शी ने कहा कि उनका प्रयास जल्द मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मुलाकात कर अभियान की जानकारी देने का है। इसके बाद वह प्रधानमंत्री से भी मिलकर समर्थन और सहयोग का आग्रह करेंगे। उन्होंने कहा कि सरकारी स्तर पर ऐसे कार्यक्रमों को प्रोत्साहन मिलने से देश में हो रही भोजन की बर्बादी को रोकने और जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने की मुहिम को मजबूती मिलेगी।
प्रेस वार्ता के दौरान अरुण बख्शी ने अपने चर्चित गीत ‘तुन्ना तुन्ना ता ता तुन्ना’ की कुछ पंक्तियां भी गुनगुनाईं। कार्यक्रम में वरिष्ठ अभिनेता रजा मुराद, अभिनेता अवतार गिल, हंगर फ्री भारत एवं आरसीएल के संस्थापक अरविंद कुमार और भारतीय महिला बधिर क्रिकेट टीम की प्रतिनिधि भी मौजूद रहीं।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.