यूपी: एसआईआर में नाम कटने पर भाजपा का बड़ा मंथन, लखनऊ में पंकज चौधरी ने रखी कार्यशाला; सीएम योगी भी हुए शामिल
उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण को लेकर भाजपा ने अभियान तेज करने की तैयारी की है। लखनऊ में 700 से अधिक पदाधिकारियों की कार्यशाला है। पार्टी ने हर बूथ पर 100 नए मतदाता जोड़ने का लक्ष्य रखा है।
विस्तार
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) को लेकर उत्तर प्रदेश में सियासी हलचल तेज हो गई है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मतदाता सूची से 1.27 करोड़ हिंदू मतदाताओं के नाम कटने को लेकर सवाल उठाए जाने के बाद भाजपा संगठन सक्रिय हो गया है। पार्टी ने छूटे हुए मतदाताओं के नाम दोबारा जुड़वाने के लिए अभियान तेज करने की तैयारी की है।
इसी सिलसिले में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शुक्रवार को लखनऊ के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में संगठन की कार्यशाला है। इसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी दोपहर शामिल हुए। बैठक में प्रदेश महामंत्री संगठन धर्मपाल सिंह, सहकारिता मंत्री जेपीएस राठौर सहित प्रदेश और क्षेत्रीय स्तर के वरिष्ठ नेता मौजूद हैं।
करीब 700 से अधिक पदाधिकारियों को बुलाया गया है। इनमें जिलाध्यक्ष, जिला प्रभारी, क्षेत्रीय अध्यक्ष, क्षेत्रीय प्रभारी, जिला और विधानसभा मतदाता प्रमुख तथा आईटी संयोजक शामिल हैं। बैठक में SIR के दौरान छूटे मतदाताओं तक पहुंचने और उनके नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की रणनीति पर चर्चा हो रही है।
पंकज चौधरी ने दिया था भरोसा
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की ओर से मतदाता सूची में नाम कटने को लेकर चिंता जताए जाने के बाद प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने भरोसा दिया था कि विधानसभा चुनाव से पहले पार्टी कार्यकर्ता हर घर तक पहुंचेंगे। उन्होंने कार्यकर्ताओं को छूटे हुए मतदाताओं के नाम जुड़वाने की जिम्मेदारी सौंपने की बात कही थी। अभियान की रूपरेखा और जिम्मेदारियों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।
