UP Big News: पति को सांप से डसवाने वाली को मृत्युदंड, अखिलेश बोले- हम एसआईआर के खिलाफ नहीं; योगी सपा पर बरसे
UP Big News: उत्तर प्रदेश में आज दिनभर राजनीति से लेकर प्रशासन, अपराध, विकास, शिक्षा, स्वास्थ्य और मौसम तक कई अहम घटनाएं सामने आईं। राज्य के अलग-अलग जिलों से जुड़ी कई बड़ी खबरें सुर्खियों में रहीं, जिनका सीधा असर आम जनता की जिंदगी पर पड़ता है। आइए एक ही खबर में पढ़ते हैं, उत्तर प्रदेश की आज की सबसे बड़ी और अहम खबरें।
विस्तार
UP Big News: हम आपके लिए उत्तर प्रदेश से जुड़ी दिनभर की सभी प्रमुख और अहम खबरों का संक्षिप्त, लेकिन प्रभावी सार लेकर आए हैं। हालांकि 'पूरी खबर पढ़े' पर क्लिक करके आप उस खबर को विस्तृत रूप में पढ़ सकते हैं। यहां प्रदेश से लेकर जिला स्तर तक की घटनाओं के बारे में तथ्यात्मक और सटीक जानकारी आपको मिलेगी। राज्य में क्या बदला? कहां क्या हुआ? कौन-सी खबरें सुर्खियां बनीं? सब कुछ एक ही जगह पर पढ़ सकते हैं। आइए, आज की उत्तर प्रदेश की बड़ी खबरों पर विस्तार से नजर डालते हैं।
रविता-अमरदीप को कोर्ट ने सुनाया मृत्युदंड, पति अमित को मारकर बिस्तर पर छोड़ा था जिंदा सांप
मेरठ के बहसूमा क्षेत्र के गांव अकबरपुर सादात निवासी अमित कश्यप उर्फ मिक्की कश्यप हत्याकांड में अदालत ने उसकी पत्नी रविता और उसके प्रेमी अमरदीप को मृत्युदंड की सजा सुनाई है। मेरठ के चर्चित सर्पदंश हत्याकांड में दोनों को पहले ही हत्या और साक्ष्य मिटाने का दोषी करार दिया गया था। अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश (एडीजे-12) जयवीर सिंह नागर की अदालत में मामले की सुनवाई हुई।
अमित की हत्या को सांप के काटने से हुई मौत दिखाने की कोशिश की गई थी। शुरुआत में परिवार को भी यही बताया गया कि अमित की मौत सर्पदंश से हुई है, लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस की जांच में हत्या की बात सामने आई। मामले में अभियोजन पक्ष ने 12 गवाहों के बयान दर्ज कराए थे। पढ़ें पूरी खबर
योगी का सपा पर हमला, बोले- इन्होंने गिरगिट की तरह बदला रंग, टिकट बेचने का किया काम
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद के डासना स्थित सुंदरदीप कॉलेज में आयोजित मतदाता सम्मेलन में विधान परिषद चुनाव के मतदाताओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए उसके शासनकाल में दंगों, कर्फ्यू और बदहाल सड़कों का मुद्दा उठाया।
सीएम योगी ने भाजपा सरकार के कार्यकाल में सुरक्षा, धार्मिक आयोजनों, बुनियादी ढांचे और शिक्षा के क्षेत्र में हुए कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने सहारनपुर के शाकुंभरी कॉरिडोर, नमो भारत ट्रेन और जेवर एयरपोर्ट का भी उल्लेख किया। पढ़ें पूरी खबर
अखिलेश यादव बोले- हम एसआईआर के खिलाफ नहीं
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग पहले विशेष गहन पुनरीक्षण के जरिये लोगों के नाम काट रहा है और फिर जोड़ने के नाम पर धांधली करने की साजिश रच रहा है। उन्होंने कहा कि एक वोटर के नाम कई जगह जोड़े जा रहे हैं जिससे कि भाजपा के पक्ष में फर्जी मतदान करवाया जा सके।
अखिलेश यादव ने प्रेस कांफ्रेंस में एक युवा को बुलाया और कहा कि इनका वोट कई जगह है जिसका खुलासा इन्होंने खुद किया है। ये युवा एक जगह ही वोट करेगा पर जहां-जहां इनका नाम है वहां कोई और भाजपा के पक्ष में मतदान करेगा। उन्होंने कहा कि हम एसआईआर के खिलाफ नहीं हैं बल्कि इसके जरिये चुनाव लूटने की जो साजिश हो रही है उसके खिलाफ हैं। इस मौके पर अलग-अलग दलों के नेता सपा में शामिल हो गए। पढ़ें पूरी खबर
मंत्री रेखा आर्या के पति का बड़ा आरोप, भ्रष्टाचार से 210 करोड़ की कथित अवैध संपत्ति अर्जित की
उत्तराखंड की कैबिनेट मंत्री रेखा आर्य और उनके पति बरेली निवासी भाजपा नेता पप्पू गिरधारी के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज हो गए हैं। मंत्री की ओर से लगाए गए आरोपों के बाद पप्पू गिरधारी ने पलटवार करते हुए उन पर भ्रष्टाचार के जरिये 210 करोड़ रुपये की कथित अवैध संपत्ति अर्जित करने का आरोप लगाया है। उन्होंने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मंत्री की संपत्तियों और उनके विभाग में कथित भ्रष्टाचार की जांच कराने की मांग की है।
हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हुई है। अज्ञात स्थान से कार में बैठकर फेसबुक लाइव करते पप्पू गिरधारी ने कहा कि वह जल्द ही उत्तराखंड में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर मंत्री की कथित संपत्ति और भ्रष्टाचार से जुड़े मामलों को सार्वजनिक करेंगे।
उन्होंने दावा किया कि रेखा आर्य के विभाग में पिछले 10 वर्षों से भ्रष्टाचार हो रहा है। इस संबंध में उन्होंने कई बार मंत्री के सामने आपत्ति भी जताई थी। उन्होंने कहा कि यदि उनके आरोप गलत साबित होते हैं तो उन्हें सजा दी जाए। पढ़ें पूरी खबर
पंचायत चुनाव पर ओमप्रकाश राजभर ने हाईकोर्ट के फैसले का किया स्वागत
यूपी में तीन महीने में पंचायत चुनाव कराने के हाईकोर्ट के फैसले का प्रदेश के पंचायतीराज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि हाईकोर्ट के फैसले के बाद गेंद पिछड़ा वर्ग आयोग के पाले में है। हम चुनाव के लिए तैयार हैं।
उन्होंने कहा कि पंचायत चुनाव के लिए मतदाता सूची तैयार है। पिछड़ा वर्ग आयोग की रिपोर्ट आने के बाद चुनाव हो जाएगा। वहीं, प्रदेश में बोर्ड परीक्षाएं और विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि इसमें कोई दिक्कत नहीं है। सब हो जाएगा। पढ़ें पूरी खबर
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.