यूपी के उत्तराखंड जाने वाले तीर्थयात्रियों को सीएम योगी ने दी सौगात, यहां पढ़ें
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बद्रीनाथ समेत उत्तराखंड के सभी प्रमुख तीर्थस्थलों पर यूपी भवन बनाए जाएंगे। इनमें लोगों के ठहरने व रहने की अच्छी व्यवस्थाएं मिल सकेंगी। इसके लिए वहां के मुख्यमंत्री से बात हो चुकी है। उन्होंने यूपी में बसे उत्तराखंड के लोगों को अपनी जड़ों से न कटने का आह्वान किया। साथ ही उन्हें हरसंभव मदद का आश्वासन भी दिया।
सीएम पर्वतीय महापरिषद की ओर से गोमती के किनारे आयोजित उत्तरायणी कौथिग में मुख्य अतिथि थे। उन्होंने कहा, यूपी और उत्तराखंड के बीच संपत्तियों को लेकर लंबे समय से विवाद चला आ रहा था। उत्तराखंड के सीएम त्रिवेंद्र सिंह रावत ने यह मुद्दा मेरे सामने रखा। मैंने उनसे कहा कि झगड़ा राजनीति कराती है। अब प्रस्ताव बनाकर ले आइए, वही हो जाएगा। समझौते का फॉर्मूला जब सुप्रीम कोर्ट में रखा गया तो उसने भी उसकी तारीफ की।
योगी ने कहा कि आज भी उत्तराखंड के शहरों में प्रदूषण बहुत कम है। वहां सुविधाएं भी बढ़ी हैं, पर अफसोस इस बात का है कि उत्तराखंड के लोग अपने गांवों से पलायन कर रहे हैं। राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी पहाड़ के गांवों का आबाद रहना बहुत जरूरी है।
उन्होंने उत्तरायणी कौथिग में मौजूद लोगों से आह्वान किया कि वे हर साल कुछ समय अपने पहाड़ पर जरूर बिताया करें। उन्होंने उत्तराखंड के विभिन्न स्थानों को वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित करने का सुझाव भी दिया। हेल्थ टूरिज्म विकसित करके वहां रोजगार के अवसर काफी बढ़ाए जा सकते हैं, जिससे पलायन की भी मजबूरी नहीं रहेगी।
ऐसे मंचों पर नवोदित कलाकारों को दें मौका
सीएम ने कहा कि मेले में राजनेताओं को तो बुलाया जा रहा है, पर उत्तराखंड के कलाकारों को नहीं बुलाया जा रहा। ऐसे मंचों पर नवोदित कलाकारों को स्थान देना चाहिए। यूपी महोत्सव आयोजित करके वे लोक संस्कृति को बढ़ावा देने का काम कर रहे हैं।
सीएम ने उत्तराखंड की जागर प्रथा की तारीफ करते हुए कहा कि उसे अक्षुण्ण रखने की आवश्यकता है। उन्होंने उत्तराखंड की परंपराओं का गोरखपुर पीठ से संबंध के बारे में भी जानकारी दी।
कहा, आगे से जब भी कौथिग आयोजन में स्मृति चिह्न दिए जाएं तो वे केदारनाथ, बद्रीनाथ या अन्य किसी स्थान से संबंधित होने चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकभवन के सामने पूर्व केंद्रीय मंत्री गोविंद वल्लभ पंत की मूर्ति के ऊपर छत बनाने का सुझाव दिया गया है, जिस पर सरकार अमल करेगी।