नोएडा से दो बांग्लादेशी आतंकवादी गिरफ्तार, डीजीपी बोले- यूपी में छिपे हो सकते हैं कई और आतंकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूपी एटीएस ने पश्चिम बंगाल व नोएडा पुलिस के साथ मिलकर बांग्लादेश में सक्रिय आतंकी संगठन जमात उल मुजाहिदीन, बांग्लादेश के दो सदस्यों को नोएडा के सूरजपुर क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान रूबेल अहमद व मुशर्रफ हुसैन के रूप में हुई है।
डीजीपी ओम प्रकाश सिंह ने बताया कि पिछले साल देवबंद से तीन बांग्लादेशी आतंकियों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ में पता चला कि कुछ ऐसे बांग्लादेशी जिनका संबंध वहां के सक्रिय आतंकी संगठनों से है, वे यूपी में छिपे हो सकते हैं।
इसके बाद पश्चिम बंगाल पुलिस से मिले इनपुट पर यूपी एटीएस सक्रिय हुई और नोएडा से उक्त दोनों संदिग्धों को स्थानीय पुलिस की मदद से गिरफ्तार कर लिया। डीजीपी ने बताया कि पिछले दो महीनों से यह दोनों नोएडा में छिपकर रह रहे थे।
रूबेल उर्फ मनीर उल इस्लाम और मुशर्रफ उर्फ मूसा उर्फ तेजेरुल इस्लाम बांग्लादेश में वांछित हैं और इसी वर्ष मार्च में वहां से भागकर भारत आ गए थे। दोनों नोएडा के अलावा गाजियाबाद में अलग-अलग स्थानों पर छिपकर रह रहे थे।
फिलहाल दोनों के पास से किसी सामान की बरामदगी नहीं हुई है। दोनों को पश्चिम बंगाल पुलिस ट्रांजिट रिमांड पर कोलकाता ले जा रही है। उसके साथ यूपी एटीएस की भी एक टीम कोलकाता जा रही है जो यूपी से जुड़ी गतिविधियों और उनके अन्य साथियों के बारे में पता लगाएगी।
कब कहां पकड़े गए बांग्लादेशी
- 4 जनवरी, 2018 : देवबंद से फर्जी पासपोर्ट बनवाने के मामले में तीन गिरफ्तार
- 14 सितंबर, 2017 : लखनऊ चारबाग रेलवे स्टेशन से तीन गिरफ्तार
- 12 सितंबर 2017 : देवबंद में छापेमारी में पता चला कि तीन बांग्लादेशी फरार हो गए
- 6 अगस्त 2017 : आतंकी संगठन अंसारुल बांग्ला का सदस्य अब्दुल्ला उल मामून मुजफ्फरनगर से गिरफ्तार