यूपी: अखिलेश का दावा- लाखों डुप्लीकेट वोटर हमने खोजे, आयोग को भेजेंगे लिस्ट; 2.5 करोड़ रुपये भी मांगेंगे
UP Assembly Elections: अखिलेश यादव ने कहा कि वोटर लिस्ट में हम लगातार कमियां निकालकर चुनाव आयोग को भेज रहे हैं। भाजपा बड़े स्तर पर गड़बड़ी की तैयारी कर रही है।
विस्तार
सपा अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि मतदाता सूची में 25 लाख डुप्लीकेट वोटर हमने ढूंढ लिए हैं। इनकी लिस्ट आयोग को भेजेंगे। आयोग ने डुप्लीकेट वोटर बताने पर ईनाम की घोषणा की है तो हम प्रति डुप्लीकेट वोट 10 रुपये के हिसाब से 2.5 करोड़ रुपये की मांग करेंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा मतदाता सूची में फर्जी और शिफ्ट हुए वोटों को दुबारा जुड़वाने की साजिश कर रही है। भाजपा की तैयारी है कि मध्य प्रदेश, झारखंड, छत्तीसगढ़, बिहार, हिमांचल प्रदेश, उत्तराखंड और अन्य जगहों के लोगों को लाकर उनके वोट यहां बनवा दें।
अखिलेश यादव ने प्रदेश सपा मुख्यालय पर प्रेस कांफ्रेंस में कहा कि अगर मतदाता सूची से 1 करोड़ 27 लाख हिंदू वोट कट गए हैं तो 31 हजार वोट हर विधानसभा क्षेत्र में भाजपा के कम हो गए हैं। विधानसभा चुनाव में हार के डर से भाजपा मतदाता सूची में बड़े पैमाने पर हेराफरी की साजिश कर रही है। उन्होंने कहा कि सभी पीडीए के लोग पूरी तरह से सावधान रहे, नहीं तो वोट डालने जाएंगे तो बता दिया जाएगा कि वोटरलिस्ट में वोट नहीं है।
सपा अध्यक्ष ने कहा कि विपक्ष को चुनाव आयोग से कोई जानकारी नहीं मिलती और मुख्यमंत्री को सब पता चल जाता है। चुनाव आयोग बताए कि एक करोड़ 27 लाख हिंदू वोट कटने की बात सच है या झूठ। मुख्यमंत्री ने पद और गोपनीयता की शपथ ली है, वह कैसे कह सकते हैं कि हिंदुओं के वोट कट गए। हम तो इसे यूं भी कह सकते हैं कि पीडीए का एक करोड़ वोट कट गया है। उन्होंने कहा कि लगता है कि चुनाव आयोग ने मुख्यमंत्री के इस बयान के बाद उन्हें धमकाया है, इसलिए अब दो दिन से वोट कटने का बयान नहीं दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कि भाजपा सरकार में अपराध बहुत बढ़े हैं। जेल में सबसे ज्यादा पीडीए समाज के लोग है। सबसे ज्यादा फर्जी एनकाउंटर पीडीए समाज के लोगों का हुआ है। यूपी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सुप्रीम कोर्ट और हाईकोर्ट ने दस साल में 81 गंभीर टिप्पणियां की है। कोर्ट ने यूपी पुलिस को भंग करने तक की चेतावनी दे दी थी।
सपा अध्यक्ष ने की डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह व मुख्य सचिव को हटाने की मांग
अखिलेश यादव ने कहा कि हमें उम्मीद है कि चुनाव आयोग अन्य राज्यों की तरह यूपी के डीजीपी, प्रमुख सचिव गृह, मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को चुनाव के दौरान हटाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव को देखते हुए प्रशासनिक अधिकारियों की पोस्टिंग की गई है। कई जिलों का आंकड़ा दिखाते हुए उन्होंने कहा कि वहां पीडीए समाज के अधिकारी बहुत कम संख्या में हैं।
जो चुनावी गठबंधन पहले से है, वही रहेगा
अखिलेश यादव ने सामाजिक परिवर्तन मोर्चा को लेकर कहा कि लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन व समाजवादी पार्टी का जो गठबंधन था, वहीं विधानसभा चुनाव में भी रहेगा। वही स्थायी गठबंधन है। साथ ही कहा कि भाजपा सरकार ने मो. आजम खां के साथ बहुत अन्याय किया है। उनके विश्वविद्यालय की जांच ईडी कर रही है, लेकिन 17500 करोड़ रुपये के टेंडर में सरकारी धन की जो लूट हुई, उसकी जांच नहीं हो रही है।
बीजेपी डरी नहीं तो 6 जनवरी तक घोषित होंगी चुनाव की तिथियां
अखिलेश यादव ने कहा कि अगर बीजेपी हार से डरी नहीं होगी तो चुनाव आयोग 6 जनवरी तक चुनाव की तिथियां घोषित कर देगा।
