यूपी: प्रदेश अध्यक्ष पद से हटने के बाद अजय का पहला बयान, बोले- मुझे इतनी बड़ी जिम्मेदारी देने का अभारी रहूंगा
उत्तर प्रदेश कांग्रेस में बड़ा संगठनात्मक बदलाव हुआ है। आराधना मिश्रा को प्रदेश अध्यक्ष बनाया गया है। अजय राय ने नई जिम्मेदारी देने के लिए पार्टी नेतृत्व का आभार जताया और नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली है। आगामी चुनाव को लेकर संगठन मजबूत करने की तैयारी है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले कांग्रेस ने प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है। पार्टी ने प्रतापगढ़ की रामपुर खास सीट से विधायक आराधना मिश्रा ‘मोना’ को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है। उन्होंने अजय राय की जगह ली है। इसके बाद अजय राय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर पार्टी के नए पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं और कहा कि लड़ाई अभी जारी है।
अजय राय ने अपनी पोस्ट में कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए कहा कि उनके जैसे सामान्य कार्यकर्ता को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी देने के लिए वह राहुल गांधी और पार्टी नेतृत्व के जीवनभर आभारी रहेंगे। उन्होंने नए प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को शुभकामनाएं दीं। पोस्ट के अंत में उन्होंने लिखा, “हम लड़ेंगे, हम जीतेंगे! हर-हर महादेव!”
मुझ जैसे एक सामान्य कार्यकर्ता को उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष की ज़िम्मेदारी देने के लिए मैं @RahulGandhi जी एवं कांग्रेस शीर्ष नेतृत्व का जीवनभर आभारी रहूँगा। लड़ाई अभी भी जारी है। नए अध्यक्ष सहित सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को मेरी हार्दिक शुभकामनाएं।… pic.twitter.com/eEyLe2lteW
विज्ञापन विज्ञापन— Ajay Rai🇮🇳 (@kashikirai) October 2, 2026
इमरान मसूद को कार्यकारी अध्यक्ष की जिम्मेदारी
संगठन में हुए बदलाव के तहत सहारनपुर से लोकसभा सांसद इमरान मसूद को यूपी कांग्रेस का कार्यकारी अध्यक्ष बनाया गया है। देवेंद्र निषाद और आलोक प्रसाद को वरिष्ठ उपाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं चौधरी वीरेंद्र सिंह को उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल का नया नेता बनाया गया है। सभी नियुक्तियां तत्काल प्रभाव से लागू की गई हैं।
कौन हैं आराधना मिश्रा ‘मोना’
आराधना मिश्रा ‘मोना’ प्रतापगढ़ की रामपुर खास विधानसभा सीट से लगातार तीन बार की विधायक हैं। वह वरिष्ठ कांग्रेस नेता प्रमोद तिवारी की बेटी हैं और इससे पहले उत्तर प्रदेश विधानसभा में कांग्रेस विधायक दल की नेता की जिम्मेदारी संभाल चुकी हैं। अब उन्हें प्रदेश संगठन की कमान सौंपी गई है।