{"_id":"6b031a0fb77a60d35e030a84","slug":"up-action-against-criminals-transforms-the-atmosphere-investment-and-employment-gain-momentum-2026-11-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: अपराधियों पर कार्रवाई से बदला माहौल, निवेश और रोजगार को मिली रफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: अपराधियों पर कार्रवाई से बदला माहौल, निवेश और रोजगार को मिली रफ्तार
Sun, 22 Nov 2026 10:06 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Sun, 22 Nov 2026 10:06 PM IST
सार
जीरो टॉलरेंस नीति और पुलिसिंग में सुधार पर युवा संवाद में चर्चा का आयोजन किया गया। इस दौरान प्रदेश में 2016 के मुकाबले डकैती में 87 और हत्या में 43 फीसदी कमी का दावा किया गया है।
विज्ञापन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ।
- फोटो : amar ujala
विस्तार
अपराधियों और माफिया के खिलाफ कार्रवाई से प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति बदली है। इसका असर कारोबार, निवेश और रोजगार के माहौल पर भी पड़ा है। सुरक्षित माहौल मिलने से व्यापारी और उद्यमी कारोबार बढ़ाने के लिए आगे आ रहे हैं। सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति, बुलडोजर कार्रवाई और तकनीक आधारित पुलिसिंग को प्रदेश में आए इस बदलाव की वजह बताते हुए रविवार को गोमतीनगर के 1090 चौराहे पर आयोजित युवा संवाद में चर्चा हुई।
विज्ञापन
फ्रेंड्स ऑफ योगी की ओर से आयोजित ‘योगी की पाती युवा संवाद’ में वर्ष 2017 से पहले और बाद की कानून-व्यवस्था की तुलना की गई। चर्चा में अपराधियों और माफिया के खिलाफ कार्रवाई, अवैध संपत्तियों पर बुलडोजर चलाने, पुलिसिंग में सुधार और राजनीतिक संरक्षण में पनपे अपराधी नेटवर्क जैसे मुद्दे उठे।
विज्ञापन
पूर्व डीजीपी अरविंद कुमार जैन ने कहा कि पुलिस की सक्रियता और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई से कानून का डर बढ़ा है। अवैध कब्जों के खिलाफ अभियान और बुलडोजर कार्रवाई ने अपराधियों को संदेश दिया है कि कानून तोड़ने पर कार्रवाई होगी। उन्होंने कहा कि गुंडागर्दी पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस का सक्रिय रहना जरूरी है।
विज्ञापन
उत्तर प्रदेश बार काउंसिल के सदस्य और वरिष्ठ अधिवक्ता प्रशांत सिंह अटल ने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई न्यायिक समीक्षा के दायरे में है। उन्होंने दावा किया कि इससे अपराधियों का मनोबल टूटा है। उन्होंने वर्ष 2016 के मुकाबले डकैती की घटनाओं में 87 प्रतिशत और हत्या के मामलों में 43 प्रतिशत कमी आने का आंकड़ा रखा। उनके मुताबिक प्रदेश की 25 करोड़ आबादी को सुरक्षित माहौल देने की दिशा में काम हुआ है।
वक्ताओं ने कहा कि कानून-व्यवस्था का सीधा संबंध विकास और रोजगार से है। जब व्यापारी बिना डर कारोबार कर सकें, महिलाएं सुरक्षित बाहर निकल सकें और उद्यमियों को निवेश की सुरक्षा का भरोसा मिले, तभी नए उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ते हैं। सुरक्षित माहौल से प्रदेश में निवेश की संभावनाएं भी मजबूत होती हैं।
कार्यक्रम में नागरिकों, महिलाओं, व्यापारियों और उद्यमियों की सुरक्षा, तकनीक आधारित पुलिसिंग और संस्थागत सुधार समेत नौ प्रमुख विषयों पर चर्चा हुई। युवाओं ने भी वक्ताओं से सवाल किए। संवाद में डूसू के पूर्व अध्यक्ष शक्ति सिंह भी शामिल हुए। सत्र का संचालन एएफपीआर के सीईओ शशांक शेखर सिंह ने किया।
