{"_id":"6ae5a41d9965e43c2b017b7e","slug":"up-22-up-police-personnel-including-an-ats-dig-to-be-awarded-the-union-home-minister-s-medal-for-excellence-2026-10-31","type":"story","status":"publish","title_hn":"यूपी: केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से एटीएस के डीआईजी समेत यूपी के 22 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
यूपी: केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक से एटीएस के डीआईजी समेत यूपी के 22 पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित
Sat, 31 Oct 2026 01:47 PM IST
Ishwar Ashish Bhartiya
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
अमर उजाला ब्यूरो, लखनऊ
Published by: Ishwar Ashish Bhartiya
Updated Sat, 31 Oct 2026 01:47 PM IST
सार
गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में देशभर के कुल 490 अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। इनमें स्पेशल ऑपरेशन के लिए 358, विवेचना के लिए 123 और फोरेंसिक साइंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नौ लोगों का चयन किया गया है।
विज्ञापन
डीआईजी अभिषेक यादव
- फोटो : amar ujala
विस्तार
उत्तर प्रदेश पुलिस के 22 अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को वर्ष 2026 के केंद्रीय गृहमंत्री दक्षता पदक के लिए चुना गया है। इनमें 17 पुलिसकर्मियों को स्पेशल ऑपरेशन फील्ड और पांच अधिकारियों को विवेचना के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया जाएगा। गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में डीआईजी, एसएसपी, एसपी, अपर पुलिस अधीक्षक, इंस्पेक्टर, सब इंस्पेक्टर और हेड कांस्टेबल के नाम शामिल हैं।
विज्ञापन
स्पेशल ऑपरेशन फील्ड की श्रेणी में दो अभियानों के लिए प्रदेश के पुलिसकर्मियों का चयन किया गया है। पहले अभियान में 12 और 13 मई 2026 को किए गए कार्य के लिए डीआईजी अभिषेक यादव, अपर पुलिस अधीक्षक प्रीति बाला गुप्ता, इंस्पेक्टर अरविंद कुमार पांडेय, सुधीर कुमार उज्ज्वल और कैलाश यादव को चुना गया है। इनके साथ सब इंस्पेक्टर मोहम्मद तारिक और अमित कुमार भाटी, हेड कांस्टेबल अंशुल कुमार, रोहित मलिक, सलीम, भारत पांडेय और दिनेश चंद्र कनौजिया भी सम्मानित होंगे। वहीं, 27 सितंबर से एक अक्तूबर 2025 तक चले दूसरे अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए एसएसपी देवेश कुमार पांडेय, इंस्पेक्टर विक्रम सिंह और फजल उर रहमान तथा हेड कांस्टेबल शैलेंद्र कुमार सिंह और अमित कुमार का चयन किया गया है।
विज्ञापन
विवेचना के क्षेत्र में भी प्रदेश के पांच पुलिस अधिकारियों को पदक मिलेगा। इनमें एसपी अनुकृति शर्मा, इंस्पेक्टर विश्वजीत प्रताप सिंह, संजेश कुमार और उमेश रोरिया तथा सब इंस्पेक्टर बृंदावन राय शामिल हैं। इसी श्रेणी में सीबीआई लखनऊ में तैनात डिप्टी एसपी सभाजीत चौहान को भी सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने अगस्त 2025 को दस लाख की रिश्वत लेते पकड़े गए सेंट्रल नार्कोटिक्स ब्यूरो के इंस्पेक्टर व अन्य कर्मियों के केस की विवेचना की थी। उसी के लिए उनको सम्मानित किया जाएगा।
विज्ञापन
देश भर के 490 अधिकारी व अन्य पुलिसकर्मी होंगे सम्मानित
गृह मंत्रालय की ओर से जारी सूची में देशभर के कुल 490 अधिकारियों और कर्मचारियों के नाम शामिल हैं। इनमें स्पेशल ऑपरेशन के लिए 358, विवेचना के लिए 123 और फोरेंसिक साइंस के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए नौ लोगों का चयन किया गया है। विशेष अभियान की श्रेणी में विभिन्न राज्यों की पुलिस के साथ सीआरपीएफ और असम राइफल्स के जवान भी शामिल हैं। विवेचना के क्षेत्र में राज्यों की पुलिस के अलावा सीबीआई, एनआईए और एनसीबी के अधिकारियों को भी चुना गया है।