फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   UP: 1.86 crore families in the state get free cylinders, Rs 1500 crore released for refill subsidy

यूपी: प्रदेश के 1.86 करोड़ परिवारों को मुफ्त सिलिंडर का उपहार, रिफिल के लिए 1500 करोड़ हुए जारी

Sat, 28 Feb 2026 08:14 PM IST
रोहित मिश्र अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: रोहित मिश्र Updated Sat, 28 Feb 2026 08:14 PM IST
सार

How to get free cylinder: सीएम योगी ने कहा कि देश में केवल चार जातियां गरीब, किसान, महिला और युवा हैं। इसमें सभी पंथ, संप्रदाय, मत और मजहब समाहित हैं। सभी को इनका लाभ मिलेगा। 

विज्ञापन
UP: 1.86 crore families in the state get free cylinders, Rs 1500 crore released for refill subsidy
सिलिंडर सब्सिडी राशि का डेमो चेक देते सीएम योगी। - फोटो : UP Govt YT Channel

विस्तार

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने होली के अवसर पर शनिवार को लोकभवन में प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के प्रदेश के 1.86 करोड़ लाभार्थी परिवारों को निशुल्क सिलिंडर का उपहार दिया। इसके लिए 1500 करोड़ रुपये की राशि जारी की। इस अवसर पर सीएम ने कहा कि होली व दीपावली पर लाभार्थियों परिवारों को एक-एक नि:शुल्क सिलेंडर रिफिल की सुविधा दी जा रही है। उज्ज्वला योजना के तहत देश में 10 करोड़ से अधिक लोगों को गैस कनेक्शन की सुविधा प्रदान की गई है, जिसमें उत्तर प्रदेश में 1.86 करोड़ परिवारों को इसका लाभ मिला है। उन्होने 10 लाभार्थी महिलाओं को सब्सिडी राशि के प्रतीकात्मक चेक दिए।

विज्ञापन


सीएम योगी ने कहा कि देश में केवल चार जातियां गरीब, किसान, महिला और युवा हैं। इसमें सभी पंथ, संप्रदाय, मत और मजहब समाहित हैं। ऐसे में जब भी किसी योजना का लाभ दिया जाएगा तो उसका मंत्र केवल सबका साथ, सबका विकास ही होगा। कोरोना महामारी समाप्त हुए काफी समय हो चुका है, लेकिन आज भी देश के 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन की सुविधा मिल रही है। इनमें अकेले उत्तर प्रदेश के 15 करोड़ लाभार्थी शामिल हैं। उज्ज्वला योजना के तहत केंद्र सरकार की ओर से वर्ष में 9 सिलेंडर सब्सिडी पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं। प्रत्येक रिफिल पर 335 रुपये की सब्सिडी सीधे लाभार्थी के बैंक खाते में भेजी जाती है। वर्ष में दो सिलिंडर राज्य सरकार मुफ्त देती है।

विज्ञापन

संकीर्ण सोच की थीं पहले की सरकारें, समाज को लड़ाती थीं

योगी ने कहा कि शिक्षकों, शिक्षणेत्तर कर्मचारियों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों को भी प्रतिवर्ष 5 लाख रुपये तक की कैशलेस स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। ऐसा पहले नहीं था, क्योंकि पहले की सरकारों की सोच संकीर्ण थी। पहले की सरकारें जातीय खेमों में बंटी हुई थीं और समाज को लड़ाने का काम किया जाता था। माफिया समानांतर शासन चलाते थे, अराजकता का माहौल था। उस दौरान न बेटी सुरक्षित थी और ना व्यापारी। पर्व-त्योहारों से पहले उपद्रव की घटनाएं हो जाती थीं, जिसके कारण कर्फ्यू लग जाता था और उत्साह भंग हो जाता था। आज स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। प्रदेश में न कर्फ्यू है और न दंगे। कानून-व्यवस्था सुदृढ़ हुई है और निवेश के लिए सकारात्मक वातावरण बना है।

विदेशों में मिलेगा यूपी के युवाओं को रोजगार
सीएम ने कहा कि जर्मनी, जापान, सिंगापुर समेत दुनिया के अन्य देशों से जो निवेश आ रहा है, उसका सीधा लाभ उत्तर प्रदेश और यहां के युवाओं को मिलेगा। सरकार एक ऐसा लिंक स्थापित करने का काम कर रही है, जिसके जरिये प्रदेश के योग्य और प्रशिक्षित युवाओं को सरकार की गारंटी के साथ विदेशों में भी रोजगार के अवसर मिल सकेंगे। सुबह से शाम तक लगातार काम करने का परिणाम है कि आज उत्तर प्रदेश निवेश और रोजगार के क्षेत्र में नई पहचान बना रहा है।

बालिकाओं को सर्वाइकल कैंसर का मुफ्त लगेगा टीका

सीएम ने कहा कि उप मुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने 14 वर्ष तक की बालिकाओं के लिए सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए टीकाकरण कार्यक्रम की शुरुआत की है। जिस वैक्सीन की कीमत पहले लगभग 2100 रुपये थी, उसे कम करते हुए 300 रुपये तक लाया गया है और इसे आगे निशुल्क करने की व्यवस्था की जा रही है। पहले की सरकारों में प्रदेश को परिवार मानने के बजाय कुछ लोग अपने परिवार को ही प्रदेश समझते थे। वर्तमान सरकार के लिए उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता ही परिवार है।

महिलाओं के लिए चलाई जा रहीं अनेक योजनाएं
योगी ने कहा कि लखपति दीदी कार्यक्रम हो या शी-मार्ट (सेल्फ हेल्प उद्यमिता मार्ट), महिला स्वयं सहायता समूहों को मजबूत आर्थिक आधार देने की दिशा में ठोस कदम उठाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री महिला उद्यमी उत्पाद विपणन योजना लागू की गई है। महिला उद्यमी क्रेडिट कार्ड योजना भी इस दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। प्रयागराज और लखनऊ में मिल्क प्रोड्यूसर संस्थाओं की स्थापना की जा रही है। महिला श्रमजीवी छात्रावासों का निर्माण भी किया जा रहा है, जिससे कामकाजी महिलाओं को सुरक्षित आवास मिल सके।

महिला श्रम बल की हिस्सेदारी 13 प्रतिशत से बढ़कर हुई 36 प्रतिशत
पहले जहां महिला श्रम बल की भागीदारी लगभग 13 प्रतिशत थी, वहीं अब यह बढ़कर 36 प्रतिशत हो गई है। आज महिलाएं सरकारी नौकरियों, उद्योगों और समाज के विभिन्न क्षेत्रों में काम कर रही हैं। सरकार ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ता और आशा वर्कर के मानदेय को क्रमिक रूप से बढ़ाने का निर्णय लिया है। राशन की दुकानों को मॉडल शॉप के रूप में विकसित करने की योजना पर काम शुरू किया गया है। मॉडल शॉप के निर्माण के लिए धनराशि की व्यवस्था की गई है। दुकानदारों को यह सुविधा दी गई है कि वे नशीले पदार्थों को छोड़कर अन्य सभी आवश्यक वस्तुएं भी बेच सकेंगे।
विज्ञापन

भरमाने वालों से रहें सावधान : बृजेश

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक ने कहा कि कांग्रेस के राज में विधायकों-सांसदों के सिफारिश पर गैस कनेक्शन मिलते थे, लेकिन आज सबको मिल रहा है। अब मुस्लिम बहिनों को पति तीन तलाक भी नहीं कह सकता। चुनाव के दौरान लोग भरमाने आएंगे, लेकिन भ्रमित होने की आवश्यकता नहीं।

पहले परेशान करते थे सपा के गुंडे : केशव
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि उज्ज्वला योजना ने गरीब-अमीर के बीच की खाई पाटने का काम किया है। दो करोड़ और महिलाओं को स्वयं सहायता समूहों से जोड़ेंगे। यही वजह है कि महिलाएं कमल का बटन दबाती हैं। पहले तो समाजवादी पार्टी के गुंडे परेशान करते थे। हमारी सरकार ने वोट न देने वालों की भी सेवा की है। इस अवसर पर लखनऊ की महापौर सुषमा खर्कवाल, विधान परिषद के सदस्य अवनीश कुमार सिंह व लालजी प्रसाद निर्मल, विधायक डॉ. नीरज बोरा व जय देवी आदि उपस्थित थे।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed