{"_id":"5ed4162b8ebc3e90224c1f87","slug":"unlock-days-begain-be-careful70","type":"story","status":"publish","title_hn":"जिंदगी हुई अनलॉक, आज से सफर शुरू","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
जिंदगी हुई अनलॉक, आज से सफर शुरू
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कोरोना आया तो हमारी जिंदगी ही लॉक हो गई। एक के बाद एक पाबंदियां लगती गईं...। सब कुछ ठहर गया। पर, आज फिर से जिंदगी अनलॉक हो जाएगी... पटरी पर आने लगेगी। नए सफर शुरू हो जाएंगे। ट्रेन हो, बस हो, ऑटो हो या फिर टैक्सी... आज से सब दौड़ने लगेंगे। शहर का प्रमुख बाजार अमीनाबाद भी गुलजार हो जाएगा। लंबे अंतराल के बाद यकीनन खरीदारी का मजा भी बढ़ जाएगा... मगर इन राहतों के बीच बेखबर न रहें, लापरवाह न बनें। सोशल डिस्टेंसिंग और सैनिटाइजेशन का ख्याल रखें। बिना मास्क पहने घर से न निकलें, क्योंकि कोरोना से यही बचाएंगे। यात्रीगण कृपया ध्यान दें...पुष्पक प्लेटफॉर्म नंबर दो से और लखनऊ मेल तीन से चलेगी कोरोना को बेअसर करने के लिए लागू लॉकडाउन के चलते थमे ट्रेनों के चक्के आज से घूमने लगेंगे। एहतियात बरतते हुए रेलवे प्रशासन ने लखनऊ जंक्शन पर कुछ बदलाव किए हैं। इसके तहत लखनऊ मेल लखनऊ जंक्शन के प्लेटफार्म नंबर तीन और पुष्पक एक्सप्रेस प्लेटफार्म नंबर दो से रवाना होगी। जबकि बाहर से आने वाली 18 ट्रेनें प्लेटफार्म नंबर एक पर आएंगी। इसके अलावा गोमती एक्सप्रेस चारबाग स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर एक से चलाई जाएगी। जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर चार, पांच और छह पर बैरिकेडिंग रहेगी। रेलवे प्रशासन के अनुसार, गोमती एक्सप्रेस चारबाग स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक से सुबह 6 बजे चलेगी। जबकि लखनऊ मेल जंक्शन के प्लेटफॉर्म नंबर तीन से रात 7:45 बजे और पुष्पक रात दस बजे प्लेटफॉर्म-दो से छूटेगी। यात्रियों को 90 मिनट पहले स्टेशन पहुंचना पड़ेगा। बगैर कन्फर्म टिकट यात्रियों को स्टेशन पर एंट्री नहीं मिलेगी। साथ ही मोबाइल में आरोग्य सेतु एप डाउनलोड होना चाहिए और मास्क लगाना अनिवार्य है। थर्मल स्कैनिंगा की जिम्मेदारी एनडीआरएफ की टीम को दी गई है। यदि किसी यात्री में कोरोना के लक्षण मिलते हैं तो यात्रा से रोक दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में टीटीई एक प्रमाणपत्र जारी करेगा। इसके तहत यात्री को पूरा रिफंड मिलेगा। इनका रखना होगा ख्याल - स्टेशनों पर खानपान के स्टॉल खुले रहेंगे। - 10 साल से छोटे बच्चे और वरिष्ठ नागरिक अनावश्यक यात्रा से बचें। - एसी बोगियों में 25 डिग्री सेल्सियस तापमान रखा जाएगा। - 120 दिन कर दिया गया है एडवांस रिजर्वेशन पीरियड, पहले था 30 दिन। - 10 बजे से आरक्षण केंद्र पर तत्काल रिजर्वेशन शुरू। - एसी बोगियों में परदे व बेडरोल नहीं मिलेगा। चादर घर से लेकर जाएं। - पैंट्री कार की सुविधा भी नहीं मिलेगी। डिमांड पर आईआरसीटीसी ट्रेनों में पैक्ड फूड आइटम व खाना देगी। इनका भी रखें ध्यान - लखनऊ जंक्शन पर एकल प्रवेश और एकल निकास द्वार होगा। मुख्य गेट से ही मिलेगा प्रवेश। - कैब-वे का रास्ता बंद रहेगा। - प्लेटफॉर्म पर घूम नहीं सकते यात्री, ट्रेनों में ही बैठना होगा ये ट्रेनें गुजरेंगी अवध, बिहार संपर्क क्रांति, वैशाली, कुशीनगर, श्रमजीवी, सप्तक्रांति, सुहेलदेव, आनंद विहार गाजीपुर, शहीद, सरयू यमुना एक्सप्रेस, अहमदाबाद-गोरखपुर, कर्मभूमि, अमृतसर-कोलकाता, गोरखधाम, महामना, साबरमती एक्सप्रेस और गोरखपुर एलटीटी सुपरफास्ट प्रीपेड ऑटो सुविधा नहीं सीनियर डीसीएम जगतोष शुक्ल ने बताया कि चारबाग रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म एक से गोमती एक्सप्रेस चलाई जाएगी। स्टेशन की सेकंड एंट्री सहित सारे गेट बंद रहेंगे। सिर्फ मुख्य गेट से ही प्रवेश दिया जाएगा। थर्मल स्क्रीनिंग, टिकट और पहचानपत्र की जांच के बाद ट्रेन में बैठने की अनुमति दी जाएगी। थर्मल स्क्रीनिंग एनडीआरएफ की टीम संभालेगी। प्रीपेड ऑटो सुविधा नहीं मिल सकेगी। चारबाग से कानपुर के लिए चलेंगी बसें राजधानी के चारबाग, आलमबाग और कैसरबाग बस अड्डों से 68 दिन के बाद सोमवार से रोडवेज बसें चलना शुरू हो जाएंगी। लेकिन चारबाग से सिर्फ कानपुर के लिए बसें चलाई जाएंगी। इसके आगे के जनपदों की यात्रा के लिए कानपुर के झकरकटी बस अड्डे से दूसरी बस पकड़नी होगी। जबकि कैसरबाग बस अड्डे से बाराबंकी, सीतापुर, लखीमपुर, गोला, हरदोई, बहराइच, गोंडा व बलरामपुर और आलमबाग टर्मिनल से रायबरेली, लालगंज, फतेहपुर, मौरावां, पुरवा, सुल्तानपुर, आगरा, मथुरा, झांसी, बांदा, हमीरपुर, प्रतापगढ़, प्रयागराज, गोरखपुर, आजमगढ़ और गाजियाबाद जाने के लिए बसें मिलेंगी। प्रबंध निदेशक डॉ. राजशेखर ने बताया कि यूपी के बाहर बस संचालन को लेकर आठ जून के बाद निर्णय लिया जाएगा। यात्री खड़े होकर नहीं करेंगे सफर बस में जितनी सीटें होंगी उतने ही यात्री सफर कर सकेंगे। खड़े होकर कोई यात्री सफर करता मिलेगा तो कंडक्टर जिम्मेदार होगा। रूटीन बसों की टाइमिंग में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यात्रियों को बस में ही टिकट लेना होगा। अभी ऑनलाइन सीटों की बुकिंग नहीं होगी। सिटी बसें और ऑटो-टेंपो भी भरेंगे फर्राटा सोमवार से सिटी बसें और ऑटो-टेंपो फर्राटा भरने लगेंगे। इसकी सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। इस दौरान 180 सिटी व 40 इलेक्ट्रिक बसें दो पालियों में चलेंगी। लखनऊ ऑटो रिक्शा थ्रीव्हीलर संघ और लखनऊ ऑटो ओनर्स चालक वेलफेयर एसोसिएशन ने सोमवार से ऑटो-टेंपो चलाने का निर्णय लिया है। अध्यक्ष पंकज दीक्षित ने बताया कि पहले दिन 50 फीसदी ही ऑटो चलेंगे।
विज्ञापन