आठ महीने बाद आज से खुलना शुरू होंगे यूनिवर्सिटी-कॉलेज, काफी प्रतिबंध के साथ चलेंगी कक्षाएं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शासन के निर्देश के बाद लगभग आठ महीने बाद सोमवार से यूनिवर्सिटी-कॉलेज फिर से खुलने जा रहे हैं। हालांकि एक बार फिर कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए अभी काफी प्रतिबंध के साथ कक्षाएं चलेंगी।
कहीं सिर्फ पीजी स्टूडेंट्स को बुलाया जाएगा तो कहीं ऑफलाइन के साथ ऑनलाइन कक्षाएं होंगी। जबकि हॉस्टल का अलॉटमेंट नहीं किया जाएगा। ख्वाजा मोईनुद्दीन चिश्ती भाषा यूनिवर्सिटी में सोमवार से यूजी-पीजी की कक्षा शुरू होंगी।
जिन कोर्स में स्टूडेंट्स कम है वहां सोशल डिस्टेंसिंग के साथ क्लास होंगी। वहीं, जिनमें ज्यादा हैं, वहां ऑड-इवेन के नियम से क्लासें चलेंगी। किसी स्टूडेंट्स पर विवि आने का दबाव नहीं होगा। अभिभावकों की सहमति के बाद ही उन्हें बुलाया जाएगा। ऑफलाइन के साथ उसी समय क्लास का लाइव प्रसारण भी होगा। क्लास शुरू करने से पहले सैनिटाइजेशन किया गया है। अभी हॉस्टल नहीं खोले जाएंगे।
पुनर्वास विवि में अभी सिर्फ पीजी स्टूडेंट्स आएंगे
उनकी सुबह-शाम के आधार पर अलग-अलग क्लास कराने की तैयारी है। हॉस्टल सिर्फ दिव्यांग स्टूडेंट्स को अलॉट करेंगे। क्योंकि कुल क्षमता 1400 की है, लेकिन इस बार एक कमरे में एक ही स्टूडेंट्स रहेंगे। इस तरह 700 को ही कमरा अलॉट होगा। कोई भी स्टूडेंट्स बिना वार्डन की अनुमति बाहर नहीं जा सकेगा। क्लास में भी सोशल डिस्टेंसिंग बनाए रखनी होगी। बाहर से आने वाले स्टूडेंट्स के लिए क्वारंटीन सेंटर भी बनाएंगे।
बीबीएयू में डीन-हेड्स की बैठक में तय होगा
बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर केंद्रीय विश्वविद्यालय (बीबीएयू) में अभी इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हुई है। विवि प्रवक्ता डॉ. रचना गंगवार ने बताया कि एक-दो दिन में डीन-हेड्स की बैठक में इस पर चर्चा के बाद तय किया जाएगा कि क्या और कैसे करेंगे।
लखनऊ यूनिवर्सिटी में 25 के बाद ही शुरू होंगी कक्षाएं
शताब्दी समारोह के आयोजन की वजह से लविवि में नियमित कक्षाएं 25 नवंबर के बाद ही शुरू होंगी। जबकि इससे संयुक्त कॉलेजों में कोविड-19 प्रोटोकॉल का पालन करते हुए नियमित कक्षाएं सोमवार से ही शुरू हो जाएंगी।
फिलहाल कुल क्षमता के 50 फीसदी विद्यार्थी ही बुलाए गए हैं। कालेजों में ऑनलाइन कक्षाएं चलती रहेंगी। श्री जय नारायण मिश्र महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. नागेश्वर पांडेय ने बताया कि कॉलेज में सोमवार से नियमित कक्षाएं शुरू करने की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
सोशल डिस्टेंसिंग का ध्यान रखा जाएगा तथा स्क्रीनिंग के बाद ही प्रवेश मिलेगा। बीएसएनवी कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राकेश चंद्रा ने बताया कि कॉलेज में आधी क्षमता से विद्यार्थियों को बुलाया गया है। पहले दिन के बाद दोबारा समीक्षा की जाएगी। इसके बाद फिर से नीति जारी की जाएगी। इस बीच ऑनलाइन क्लास चलती रहेगी।