प्रधानमंत्री मोदी का 70वां जन्मदिन विपक्षी दलों व छात्र संगठनों ने बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस के रूप में मना कर अपना विरोध दर्ज कराया। राजधानी लखनऊ में जगह-जगह प्रदर्शन हुए। कई जगह पर प्रदर्शनकारियों पर लाठियां चलीं और पुलिस से नोकझोंक भी हुई। मुख्यमंत्री आवास, हजरतगंज, कैसरबाग, परिवर्तन चौक, लखनऊ विश्वविद्यालय समेत विभिन्न कॉलेजों व अन्य स्थानों पर विरोध प्रदर्शन हुआ।
पीएम मोदी के जन्म दिवस पर गूंजा बेरोजगारी का मुद्दा, विरोध में उतरा विपक्ष, मनाया राष्ट्रीय बेरोजगार दिवस
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री आवास के बाहर सपा छात्र सभा की प्रदेश सचिव पूजा यादव के नेतृत्व में हाथों में चूड़ियां लेकर प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने भाजपा सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। इसके बाद पुलिस ने लाठियां भांजीं और प्रदर्शन का नेतृत्व कर रही पूजा यादव समेत सभी छात्र कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
हजरतगंज में समोसा लेकर पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ता गिरफ्तार
कांग्रेस के युवा कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज चौराहे पर हाथों में समोसा लेकर बढ़ती बेरोजगारी के विरोध में प्रदर्शन किया। यहां से पुलिस ने छात्र नेता शिवम त्रिपाठी के साथ शाहनवाज आलम, एसएम आजमी सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर ईको गार्डन भेजा।
सरकार के विरोध में प्रदर्शन कर रहे आप कार्यकर्ताओं पर लाठीचार्ज
आप आदमी पार्टी के छात्र विंग के प्रदेश अध्यक्ष वंशराज दुबे के नेतृत्व में बृहस्पतिवार को कार्यकर्ता बेरोजगारी, निजीकरण सहित सरकार की नीतियों के विरोध में प्रदर्शन करने परिवर्तन चौक पहुंचे। कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी शुरू की तो उनकी पुलिस से झड़प हो गई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर- बितर करने के लिए लाठियां बरसाईं। इस मौके पर बंशराज दुबे ने कहा कि सरकार युवाओं को दो करोड़ रोजगार देने का वादा कर सत्ता में आई थी, लेकिन अब वह वादा भूल गई। सरकार दिनोंदिन रोजगार छीनने में लगी हुई है।
उन्होंने आरोप लगाया कि योगी सरकार नौकरियां छीनने के लिए 5 साल संविदा पर नौकरी का काला कानून ला रही है। जिन नौजवानों के बल पर सरकार सत्ता में आई थी, वही 2022 में जवाब देंगे। प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह ने लाठीचार्ज की निंदा की है। प्रदर्शन में महिला शाखा की प्रदेश अध्यक्ष नीलम यादव, प्रदेश सचिव तुषार श्रीवास्तव, यूथ विंग के जिला अध्यक्ष ललित वाल्मीकि, हरिशंकर, छात्र शाखा के प्रदेश सचिव अनिल रावत व जिला अध्यक्ष ऋषियंत कटियार, जिला उपाध्यक्ष अभय सिंह मौजूद रहे।