कार्यक्रम में खलल डालने पर ग्रामीणों ने दो दरोगा को दौड़ाकर पीटा, बिल्ला व वर्दी नोची, मुकदमा दर्ज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सीतापुर के मिश्रिख कोतवाली के हसनगंज गांव में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम में खलल डालने पर भड़के ग्रामीणों ने दो दरोगाओं को पीट दिया। दरोगा का बिल्ला व वर्दी नोच डाली। किसी तरह दोनों ने भागकर जान बचाई।
पुलिस ने जख्मी दरोगाओं को सीएचसी पहुंचाया। मामले में सात नामजद व करीब 40 अज्ञात के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। मिश्रिख कोतवाली के हल्का नंबर दो में तैनात दरोगा भीम शंकर मिश्रा व हेमंत कटियार बीती रात कोतवाली क्षेत्र के नैमिषारण्य के हसनगंज गांव गए थे।
गांव में रात को श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के मौके पर सांस्कृतिक कार्यक्रम चल रहा था। दरोगा का कहना है कि रोड से सटाकर स्टेज बनाया गया था। तेज आवाज से डीजे बज रहा था। इसलिए वे वहां पूछताछ करने और कार्यक्रम के आदेश को लेकर जानकारी करने गए थे।
इस बीच वहां मौजूद लोगों से उनकी कहासुनी हो गई। बात बढ़ी तो वहां मौजूद लोगों ने दरोगा भीम शंकर मिश्रा की धुनाई शुरू कर दी। बीच बचाव में पहुंचे हेमंत कटियार को भी लोगों ने पीट दिया। किसी तरह दोनों ने भागकर जान बचाई। कोतवाली को सूचना दी गई तो वहां फोर्स पहुंची। दोनों जख्मी दरोगा को सीएचसी पहुंचाया।
संगीन धाराओं में दर्ज किया गया मुकदमा
पुलिस ने गांव के हीरालाल, कुलदीप उर्फ कल्ला, पंकज, पिंकू, कमलेश, सुशील, सुरेंद्र नामजद व 30 से 40 अज्ञात लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। सीओ अभय प्रताप मल्ल का कहना है कि दरोगा से मारपीट हुई है। केस दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। दूसरे पक्ष से कोई तहरीर नहीं आई है।
दरोगा का विवादों से रहा है पुराना नाता
दरोगा भीम शंकर मिश्रा पूर्व में नैमिषारण्य में तैनात रहे हैं। सूत्र बताते हैं कि इसी क्षेत्र में पिछले वर्ष एक नृत्य कार्यक्रम के दौरान दरोगा भीम शंकर से जुड़ा एक वीडियो वायरल हुआ था। कहा जा रहा है कि दरोगा उसी विवाद की खुन्नस में वहां पहुंचे थे, जिसके बाद विवाद हो गया।
बताया जा रहा है कि दरोगा ने कुछ लोगों से गाली गलौच की। कुछ के साथ मारपीट की कोशिश की थी। इससे नाराज भीड़ ने धुनाई कर दी। पुलिस इस मामले को एक पक्षीय मान रही है। ग्रामीणों की शिकायत पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
तैनाती नहीं तो फिर क्यों गए...
बताते हैं कि दरोगा भीम शंकर हल्का नंबर दो में तैनात है। जबकि हसनगंज नैमिषारण्य चौकी क्षेत्र में आता है। ऐसे में सवाल उठ रहा है कि आखिर दरोगा भीम शंकर वहां क्यों गए?
सूत्रों की माने तो दरोगा वहां नृत्य कार्यक्रम में गए थे। कुछ लोगों से पहले से ही मनमुटाव था। लोगों का कहना है कि नैमिषारण्य चौकी क्षेत्र से हटने के बाद भी वहां से उनका मोहभंग नहीं हो रहा है।