बंटी-बबली स्टाईल से नाबालिगों ने इस तरह उड़ाया नोटों भरा बैग
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लखनऊ के बाजारखाला थाने के पास रिमझिम पैलेस में वलीमा की दावत में ‘बंटी-बबली’ फिल्म के किरदारों की तरह दो बच्चों ने नोटों और जेवरात से भरा बैग पार कर दिया। भीड़ का फायदा उठाकर ये बच्चे वहां से रफूचक्कर हो गए।
मैरिज हॉल के सीसीटीवी फुटेज में बच्चों की हरकत कैद हो गई। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बच्चों की तलाश कर रही है।
बाजारखाला थाने के पीछे भदेवा मोहल्ला निवासी लकड़ी कारोबारी नियाज ने बताया कि सोमवार को रिमझिम पैलेस में उसके दावत-ए-वलीमा का इंतजाम था। नियाज की मां आशिया परवीन अन्य महिलाओं के साथ बातों में मशगूल थीं।
इसी दौरान करीब 13 साल की एक बच्ची और नौ साल का लड़का खेलते हुए उनके पास पहुंचे। दोनों बच्चे लगातार स्टेज के आसपास ही मंडराते रहे। इसी बीच लड़की ने चुपके से उनका सफेद रंग का बैग उठाया और दूसरे बच्चे को थमा दिया।
दोनों बच्चे बैग लेकर रिमझिम पैलेस से बाहर भाग निकले और बाजारखाला थाने के सामने से होते हुए भाग गए। थोड़ी देर बाद आशिया को अपने बैग का ध्यान आया तो हड़कंप मच गया।
जानिए क्या-क्या था इस बैग में
नियाज ने बताया कि बैग में 34 हजार रुपये कैश, सोने की चार अंगूठी, दो नथ, नाक की कील, सोने की चेन और लॉकेट, चांदी के जेवरात समेत करीब दो लाख रुपये के जेवर थे।
नियाज की शिकायत पर पहुंची पुलिस को रिमझिम पैलेस और बाजारखाला थाने के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में बच्चों की तस्वीरें दिखी हैं।
सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के बाद पुलिस को जो तस्वीरें दिखीं वे चौंकाने वाली हैं। दोनों बच्चोें को तीन अजनबी युवक इशारा कर रहे थे। इन लोगों के इशारे पर ही बच्चे स्टेज के पास और बैग के इर्द-गिर्द खेल रहे थे।
उन्होंने सही मौका देखते ही बच्चों को बैग उठाने का इशारा किया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, तीनों युवक टप्पेबाजी करने वाले गिरोह के सदस्य हैं। गिरोह बच्चों को चोरी के लिए इस्तेमाल कर रहा है।
मोबाइल चुराते पकड़ी गई सिपाही
चोरी के एक और मामले में महिला थाना की एक चर्चित सिपाही ने एसओ के कमरे से उनकी हमराह का मोबाइल फोन चोरी कर लिया। फोन गुम होने पर हमराह ने उस पर आरोप लगाया तो दोनों में तनातनी हो गई।
थाना में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज निकाली गई तो महिला सिपाही की चोरी पकड़ी गई। हालांकि, पकड़े जाने की आशंका में शातिर सिपाही ने पहले ही मोबाइल एसओ की मेज के नीचे डाल दिया था।
बुधवार को इस मामले ने तूल पकड़ा तो महिला थाना में पंचायत लग गई। सीओ को बुलवाया गया लेकिन उन्होंने रुचि नहीं ली। बाद में अफसरों के हस्तक्षेप पर मामला रफा-दफा हो गया। मोबाइल चोरी करने की घटना सोमवार शाम की है।
लखनऊ के ही एक अन्य घटनाक्रम में जेवर साफ करने के बहाने एक महिला को झांसा देकर दो टप्पेबाज युवकों ने सोने की चेन व अंगूठी निकलवा ली और चंपत हो गये। पीड़ित महिला ने नगराम थाने पर तहरीर दी है।
लोनीकटरा बाराबंकी के त्रिवेदी गंज निवासी गुड्डन देवी सोमवार को नगराम के करोरा बाजार में अपने जीजा सतीश चंद्र द्विवेदी के घर आई थी। बुधवार को घर के सभी लोग बाहर गये हुए थे।
गुड्डन देवी के अनुसार दोपहर को घर के सामने दो युवक बाइक से उतरे और जेवरात साफ करने वाला पाउडर बेचने की बात कही। हाथ की सफाई दिखा जेवर पार कर फरार हो गए।