बहराइच में ट्रक व पिकअप की जबरदस्त टक्कर में तीन की मौत व 14 घायल
बहराइच में रविवार देर रात पिकअप व ट्रक में हुई भीषण टक्कर में तीन लोगों की मौत हो गई जबकि 14 घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब व्यापारी परवानीगौढ़ी में लगने वाली साप्ताहिक बाजार से वापस लौट रहे थे। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। घायलों में 10 की हालत गंभीर बनी हुई है।
हादसा नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर मंशापुरवा गांव के निकट हुआ। बहराइच के मोतीपुर थाना अंतर्गत मिहींपुरवा विकास खंड में परवानीगौढ़ी स्थित है। यहां पर प्रत्येक रविवार को साप्ताहिक बाजार लगती है। इस बाजार में आसपास जिलों के व्यवसायी पहुंचते हैं।
रविवार को लखीमपुर खीरी जिले के ईसानगर कस्बे के व्यवसायी बाजार आए थे और देर रात वापस लौट रहे थे। व्यवसायियों से भरी पिकअप जब मोतीपुर थाना अंतर्गत नानपारा-लखीमपुर मार्ग पर मंशापुरवागांव के निकट पहुंची। तभी सामने से आ रही तेज रफ्तार ट्रक से टक्कर हो गई।
हादसे में पिकअप सवार फरियाद (18) पुत्र अमीन, साजिद (20) पुत्र बशीर और असहमत (18) पुत्र मोहम्मद की मौत हो गई।
ये हुए घायल
हादसे में ईसानगर निवासी मुमताज (30), वकील (25), फरियाद (30) पुत्र वसीम, वकील (25) पुत्र इश्तियाक, अरुण (20) पुत्र निहाल, जितेंद्र (30) पुत्र ओमप्रकाश, कपिल (12) पुत्र वकील, इश्तियाक (30) पुत्र वशीर, मेराज (30) पुत्र इदरीश, कमाल (22) पुत्र अनवर, फिरोज (30) पुत्र इदरीश समेत 14 लोग घायल हो गए।
गंभीर घायलों को ट्रॉमा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया गया है। मोतीपुर थानाध्यक्ष ने हादसे का कारण तेज रफ्तार बताया है।