कोरोना से निपटने में सक्रिय भूमिका निभाएं व्यापारी : सीएम योगी
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के साथ ही व्यापारिक संगठन के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल संवाद कर सरकार द्वारा कोरोना को लेकर किए गए प्रबंधन के बारे फीडबैक लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने रविवार को उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के साथ ही व्यापारिक संगठन के प्रतिनिधियों के साथ वर्चुअल संवाद कर सरकार द्वारा कोरोना को लेकर किए गए प्रबंधन के बारे फीडबैक लिया। मुख्यमंत्री ने व्यापारियों को कोरोना काल में होने वाले नुकसान से बचाने के लिए जहां हर तरह से मदद देने का भरोसा दिया, वहीं व्यापारियों से कोरोना के खिलाफ चल रही लड़ाई में साथ देने की अपील की है। कुछ व्यापारियों ने मुख्यमंत्री से प्रदेश भर में कम से कम एक सप्ताह तक पूर्ण लॉकडाउन लगाने का भी अनुरोध किया है।
व्यापारियों से संवाद करते मुख्यमंत्री ने कहा कि सम-विषम परिस्थितियों में व्यापारी वर्ग ने हमेशा समाज व देश का साथ दिया है। उन्होंने आह्वान किया कि कोविड संक्रमण की दूसरी लहर से प्रभावित देश व प्रदेश को इस संकट से उबारने में व्यापारी वर्ग सक्रिय योगदान दें। उन्होंने कहा कि संक्रमण के खतरे को कम करके आंकने की भूल न किया जाए। इस बार कोविड संक्रमण 30 से 50 गुना अधिक है। मौजूदा समय मे ऑक्सीजन की बढ़ती मांग की ओर ध्यान दिलाते हुए मुख्यमंत्री ने व्यापारियों और उद्यमियों से ऑक्सीजन उत्पादन व ऑक्सीजन कॉन्सन्ट्रेटर के क्षेत्र में नए प्रयोगों व नवाचारों पर कार्य करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यों में सरकार भी उनकी हर संभव सहयोग प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्तमान परिस्थितियों जीवन और जीविका दोनों पर असर पड़ रहा है। कोरोना की चेन तोड़ने के उद्देश्य से साप्ताहिक बंदी, रात्रिकालीन कोरोना कर्फ्यू जैसी व्यवस्था प्रभावी की गई है। इस अवधि में आवश्यक और आपातकालीन सेवाओं को जारी रखा जा रहा है। आप लोग सहयोग बनाये रखें, अगर किसी व्यापारी का उत्पीड़न या अन्य किसी प्रकार की घटना होती है तो तत्काल स्थानीय प्रशासन को अवगत कराएं। फिर भी आप अगर संतुष्ट नहीं हैं, तो मुख्यमंत्री कार्यालय को सूचित करें। त्वरित कार्यवाही की जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की स्थिति में तेजी से सुधार हो रहा है। प्रदेश की रिकवरी दर भी बेहतर हो रही है। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब कोरोना का पहला केस प्रदेश में आया था, तब टेस्ट की सुविधा नहीं थी। आज उतर प्रदेश में सर्वाधिक कोविड टेस्ट हो रहे हैं।
व्यापारियों ने दिया सुझाव
इस मौके पर आगरा के व्यापारी गगन दास रमानी ने सरकारी व्यवस्था में सहयोग देने के साथ ही आगरा में संक्रमितों की भर्ती में आ रही समस्याओं की जानकारी दी। उन्होंने मुख्यमंत्री से कम से कम एक सप्ताह का पूर्ण लॉकडाउन घोषित करने का भी अनुरोध किया। इसी प्रकार उप्र कपड़ा उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के अध्यक्ष अशोक मोतियानी ने भी अपने लिखित सुझाव में मुख्यमंत्री से 10 लाख रुपये के दुर्घटना बीमा योजना को करोना काल के साथ जोड़ने की मांग की है। उन्होंने कहा कि रजिस्टर्ड व्यापारी की करोना से होने वाली दुर्घटना में उनके परिवार को दुर्घटना बीमा से मिलने वाला लाभ दिया जाए। इस अवसर पर वित्त एवं चिकित्सा शिक्षा मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि कोविड के बावजूद जीएसटी रिटर्न में वृद्धि हुई है। इनके अलावा उप्र व्यापारी कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष रविकान्त गर्ग समेत सजल जैन (झांसी), मनीष बंसल (अलीगढ़), रवि प्रकाश चौधरी (बस्ती), ओपी सिंह (लखनऊ) आदि व्यापारियों ने भी सुझाव रखे।