{"_id":"f22734dacccc67eee13dd7911dde96ac","slug":"togadiya-reaches-ayodhya-vedanti-arrested","type":"story","status":"publish","title_hn":"सरयू पूजन तक ही सिमटी परिक्रमा, दिग्गज गिरफ्तार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सरयू पूजन तक ही सिमटी परिक्रमा, दिग्गज गिरफ्तार
अयोध्या/लखनऊ/ब्यूरो/इंटरनेट डेस्क
Updated Mon, 26 Aug 2013 01:26 AM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सरकार की सख्ती के चलते बड़े पैमाने पर हुई गिरफ्तारियों के बीच रविवार सुबह रामनगरी में विश्व हिंदू परिषद की 84 कोसी परिक्रमा महज सरयू पूजन तक ही सीमित रही।
विज्ञापन
संतों और संघ परिवार के कार्यकर्ताओं ने परिक्रमा शुरू करने की कोशिश में पुलिस को खासा छकाया, लुका-छिपी के बीच साधु-संतों व पुलिस के बीच अयोध्या में खासी जद्दोजहद चली। झड़प भी हुई।
विज्ञापन
इसी दौरान, विहिप के अंतर्राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष डॉ. प्रवीण तोगड़िया, महंत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास, पूर्व सांसद रामविलास वेदांती, रामशंकर दास, सिया किशोरी शरण, श्याम सुंदर दास समेत कई प्रमुख संतों को गिरफ्तार कर लिया गया।
विज्ञापन
वहीं, विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक सिंहल को लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर हिरासत में लिया गया। अयोध्या में 625 और पूरे प्रदेश में शाम पांच बजे तक 2100 साधुओं व कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी हुई है।
इनमें भाजपा के विधायक व कई नेता भी शामिल हैं। सभी को प्रतिबंध का उल्लंघन करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।
सिंहल को पहले उन्नाव के पक्षी विहार के गेस्ट हाउस में रखा गया, रात में उन्हें राजधानी के अंबेडकर विवि के गेस्ट हाउस में भेजा गया। महंत रामभद्राचार्य को उनके एक शिष्य के आवास पर नजरबंद किया गया है।
तोगड़िया, वेदांती व पूर्व विधायक लल्लू सिंह को एटा जेल और अयोध्या में गिरफ्तार बाकी 622 लोगों को लखनऊ जेल भेज दिया गया।
संघ परिवार की गुरिल्ला रणनीति के चलते विहिप कार्याध्यक्ष डॉ प्रवीण तोगड़िया तमाम इंतजामों को धता बताते हुए शनिवार रात ही अयोध्या पहुंचने में कामयाब रहे थे।
रविवार सुबह से सरयू तट पर छोटे-छोटे समूहों में साधु व कार्यकर्ता जुटने लगे । पुलिस व प्रशासन उनसे जूझ ही रहा था कि महंत नृत्यगोपाल दास के उत्तराधिकारी महंत कमल नयन दास सरयू तट पर पहुंचकर पूजन करने में कामयाब हो गए।
सरयू पूजन से ही यात्रा सुरू होनी थी। लिहाजा, पुलिस ने उन्हें जबर्दस्ती उठाने की कोशिश की, तो संत भड़क गए। एसएसपी से जमकर झड़प हुई।
लेकिन, परिक्रमा शुरू करने से पहले अफसरों ने कमल नयन दास, रामशंकर दास रामायणी, महंत सियाकिशोरी शरण समेत कई संतों को गिरफ्तार कर पुलिस लाइंस भेज दिया गया।
अपने-अपने दावे
उधर, राजधानी में गृह सचिव कमल सक्सेना और आईजी (कानून-व्यवस्था) आरके विश्वकर्मा ने प्रतिबंध को सफल बताते हुए कहा कि प्रदेश में शांति-व्यवस्था पूरी तरह से सामान्य है।
सक्सेना ने बताया कि चूंकि विहिप ने परिक्रमा वापस लेने की घोषणा नहीं की है, लिहाजा यात्रा पर प्रतिबंध लागू रहेगा और गिरफ्तार संत व कार्यकर्ता14 दिन तक न्यायिक हिरासत में रखे जाएंगे।
वहीं, विहिप के प्रांतीय प्रवक्ता शरद शर्मा का दावा है कि रविवार को सरकार के प्रतिबंधों को तोड़कर संतों संग आरएसएस व विहिप के चार हजार लोगों ने एक साथ 84 कोसी मार्ग के 40 पड़ावों पर परिक्रमा की। जगह-जगह लोगों ने गिरफ्तारियां दीं। अब तक कुल पांच हजार से अधिक लोग गिरफ्तार हुए हैं।
सपा के दफ्तर पर हिंदू सेना का हंगामा
84 कोसी परिक्रमा में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के नेताओं की गिरफ्तारी के विरोध में हिंदू सेना ने समाजवादी पार्टी के नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय कार्यालय पर जमकर हंगामा किया।
प्रदर्शनकारियों ने 8 कॉपरनिकस लेन स्थित कार्यालय पर पत्थर फेंके और वहां लगे बोर्ड को फाड़ दिया। रविवार दोपहर डेढ़ बजे यह घटना घटी।
विहिप का आज देश भर में प्रदर्शन
परिक्रमा को निकले संत-महत्माओं की गिरफ्तारी के विरोध में विहिप ने सोमवार को देश भर के जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन का ऐलान किया है। प्रवक्ता शरद शर्मा ने बताया कि धार्मिक अधिकारों पर सरकार के रवैये के खिलाफ देश भर में विरोध किया जाएगा।
सरकार सतर्क, अलर्ट जारी
विहिप के प्रदर्शन के मद्देनजर प्रदेश में अलर्ट जारी कर दिया है। आईजी कानून-व्यवस्था आरके विश्वकर्मा ने बताया कि जिला मुख्यालयों पर धरना-प्रदर्शन व गिरफ्तारी की आशंका कोदेखते हुए पुलिस अधीक्षकों को बस, आंसू गैस, वाटर कैनन की व्यवस्था के साथ अन्य आवश्यक कदम उठाने को कहा गया है।
दिल्ली में सपा कार्यालय पर तोड़फोड़ को देखते हुए जिला प्रशासन को सभी जिलों में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के कार्यालयों पर भी नजर रखने की हिदायत दी गई है।
...और सख्त हुआ सुरक्षा बंदोबस्त
विहिप के आंदोलन के प्रदेश सरकार ने केंद्र से 30 कंपनी अतिरिक्त सुरक्षाबल की मांग की थी। गृह सचिव ने बताया कि पहले आवंटित पुलिस बल के अतिरिक्त एक कंपनी रैपिड एक्शन फोर्स और 6-6 कंपनी सीआरपीएफ व एसएसबी मि चुकी है।
इनमें से एक कंपनी आरएएफ व दो कपंनी सीआरपीएफ फैजाबाद को जबकि बस्ती, गोंडा, बहराइच, बाराबंकी, अंबेडकरनगर, वाराणसी, कानपुर, मेरठ व आगरा को 1-1 कंपनी उपलब्ध कराई गई है। एक कंपनी सीआरपीएफ गोरखपुर जोन को अलग से दी गई है। ये फोर्स पहले से उपलब्ध कराई व्यवस्था से अतिरिक्त है।
वेदांती हुए सबसे पहले गिरफ्तार
रविवार सुबह साढ़े सात बजे सबसे पहले पुलिस ने पूर्व सांसद रामविलास वेदांती को लक्ष्मण घाट जाते वक्त हिरासत में लिया।
उनके बाद, मणिराम दास छावनी में सुबह 8:50 बजे श्रीरामजन्भूमि न्यास के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास को मंदिर से निकलते ही रोक लिया गया, उनके साथ संत-समूह भी था।
इसी बीच, डॉ. तोगड़िया के गोला घाट के किसी मंदिर में पहुंचने और घाट की ओर बढ़ने की सूचना पर दौड़े फैजाबाद के कमिश्नर संजय प्रसाद व डीआईजी बीडी पाल्सन ने झुनकी घाट पर भाजपा विधायक लल्लू सिंह समेत छह लोगों को 9:30 बजे हिरासत में ले लिया।
ठीक 9:40 बजे गोला घाट से संतों का एक दल सरयू की ओर बढ़ा, डीएम-एसएसपी चिल्ला उठे कि तोगड़िया आ गए, जल्दी पकड़ो। पूरी फोर्स उनके पीछे भागी। मगर हालात तब असहज हो गए जब कुछ लोग संतों के समर्थन में उतर पड़े और फोर्स के पहुंचने से पहले संतों को घरों के अंदर कर लिया।
डीएम वीके द्विवेदी ने तोगड़िया की गिरफ्तारी के लिए सद्गुरु सदन में घुसने का प्रयास किया, तो अंदर से संतों ने प्रतिरोध करअफसरों को वापस कर दिया। इसी बीच, तोगड़िया दर्जनों संतों के साथ सरयू तट की सीढ़ियों की ओर बढ़े, तो सरयू नदी के जल तक न पहुंचने देने के लिए पुलिस ने घेराबंदी शुरू कर दी।
सबसे पहले तोगड़िया का सामना एसएसपी से हुआ, उनसे पूछा कि मेरा कसूर क्या है, क्या सरयू मइया का पूजन करना और परिक्रमा करना गुनाह है। सरयू का जल लेने से मना करने पर तोगड़िया परिक्रमा यात्रा पर अड़ गए और घेरा तोड़ आगे बढ़ने की कोशिश करने लगे।
पुलिस-प्रशासन ने किसी तरह तोगड़िया को मनाया और उन्हें वाहन से ले जाकर पुलिस लाइन के ऑफिसर्स मेस में रखा गया। गिरफ्तारी के दौरान डॉ. तोगड़िया ने कहा कि परिक्रमा यात्रा हर हाल में पूरी होगी। हमारे पास बैशाख शुक्ल तक का समय है।
चंपत समेत विहिप नेताओं की तलाश: कमिश्नर
फैजाबाद के मंडल आयुक्त संजय प्रसाद ने बताया कि प्रवीण तोगड़िया की गिरफ्तारी के बाद अब विहिप महामंत्री चंपत राय, केंद्रीय टीम के पंकज सिंह, विनायक राव देशपांडे, शरद शर्मा की तलाश की जा रही है।
जब तक ये लोग बाहर रहेंगे, परिक्रमा का प्रयास करते रहेंगे। प्रशासन किसी भी कीमत पर धारा 144 का उल्लंघन बर्दाश्त नहीं करेगा। वहीं, डीआईजी बीडी पाल्सन ने घाटों पर फोर्स अलर्ट रहेगी।