लखनऊ। लॉकडाउन के दौरान ऑनलाइन क्लासेज चला रहे एकेटीयू ने अब स्टूडेंट्स की स्किल्स बढ़ाने के लिए छह हफ्ते का ऑनलाइन कोर्स शुरू किया है। इसमें विद्यार्थियों को विवि के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्विटर, ब्लॉग व यू-ट्यूब, टेलीग्राम, लिंक्डइन के जरिये उद्योग जगत की बारीकियां जानने, विशेषज्ञ से जुड़ने, उनके काम करने के तरीके, कम्युनिकेशन स्किल बढ़ाने और इंटरव्यू की तैयारी से जुड़ी जानकारी दी जा रही है। यूनिवर्सिटी इंडस्ट्री इंटर फेस सेल (यूआईआईसी) की ओर से शुरू इस कवायद में विद्यार्थियों को रोजाना दो वीडियो लेक्चर, विशेषज्ञ के ब्लॉग व इंटरव्यू से जुड़ी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। विवि के प्रति कुलपति प्रो. विनीत कंसल ने बताया कि हम इस लॉकडाउन में भी विद्यार्थियों की स्किल्स बढ़ाने और मजबूत करने की कवायद कर रहे हैं। खास ये है कि यह काम यूआईआईसी सेल कर रही है। यूआईआइसी सेल समय-समय पर स्टूडेंट्स के लिए कैंपस इंटरव्यू का आयोजन करती है। उसे कंपनी की जरूरत के साथ-साथ स्टूडेंट्स की कमियों की भी जानकारी है। ऐसे में वह एक्सपर्ट के लेक्चर, वीडियो के माध्यम से विद्यार्थियों की जानकारी को बढ़ाया जाएगा, ताकि वो आसानी से इंटरव्यू फेस कर सकें। विद्यार्थियों को मेसेज के जरिये भी इससे जुड़ने और लाभ लेने की सूचना दी जा रही है।