लखनऊः इंदिरानगर के घर में घुसे चोरों को युवक ने दुबई से पकड़वाया, जानें- पूरा मामला
इस बीच दुबई में बैठे मकान मालिक के मोबाइल फोन पर कैमरों की वायर कटने का नोटिफिकेशन आया तो उसने केयरटेकर को मौके पर भेजा। मौके पर पहुंचे केयरटेकर ने चोरों को देखकर हल्ला मचा दिया। चोर भागे, लेकिन भीड़ से बच नहीं सके। दो शातिरों को मौके से पकड़कर थाने ले जाया गया। यहां पूछताछ के दौरान दोनों ने चोरी करने की बात कबूली। इसके साथ ही उन्होंने अपने साथियों के नाम-पते भी बताए। इसके चलते शातिरों के दो साथी बाद में पुलिस की गिरफ्त में आ गए।
मोबाइल पर आया नोटिफिकेशन
पुलिस ने बताया कि घटना तकरोही स्थित जगदीश्वरपुरम कॉलोनी की है। यहां रहने वाले मो. इश्तियाक सितंबर 2019 से दुबई में हैं। उन्होंने घर की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरे लगवा रखे हैं, जिनका लिंक उनके मोबाइल फोन से जुड़ा है। वह घर की हर गतिविधि को अपने मोबाइल पर ही देख लेते हैं।
गुरुवार रात उनके मोबाइल पर सीसीटीवी कैमरे बंद होने का नोटिफिकेशन आया तो वह चौंक गए। उन्होंने तत्काल पास ही रहने वाले केयरटेकर को फोन कर घर भेजा। पुलिस के मुताबिक केयरटेकर घर पहुंचे तो भीतर चोर घुसे देख हैरान रह गए। उन्होंने चुपचाप आसपास के लोगों को जमा कर मकान की घेराबंदी कर ली। इसी बीच चोरों को भनक लग गई और वे भागने लगे। भीड़ ने दो चोरों को दबोच लिया और पुलिस को सूचना दी। पूछताछ में चोरों ने दो और साथियों के नाम-पते बताए, जिन्हें देर शाम पकड़ लिया गया।