KGMU में मरीज की पत्नी से गैंगरेप का तीसरा आरोपी भी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केजीएमयू के शताब्दी अस्पताल फेज वन में हरदोई के मरीज की पत्नी से गैंगरेप के तीसरे आरोपी लिफ्टमैन विनय को शनिवार शाम कैसरबाग इलाके से दबोच लिया गया। इंस्पेक्टर आईपी सिंह ने बताया कि पूछताछ में विनय ने जुर्म कुबूल किया है।
रविवार को उसे जेल भेजा जाएगा। इस बीच मेडिकल के चलते शनिवार को भी पीड़िता का मजिस्ट्रेट बयान दर्ज नहीं किया जा सका। इंस्पेक्टर का कहना है कि सोमवार को बयान की कार्रवाई की जाएगी। तब तक अस्पताल में भर्ती पीड़िता की सुरक्षा के लिए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं।
इंस्पेक्टर ने बताया कि गैंगरेप की वारदात में शामिल दो आरोपी अस्पताल के गार्ड शिवकुमार और संतोष को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है। अलीगंज निवासी व पैंथर कंपनी का कर्मचारी विनय फरार था। विनय शताब्दी अस्पताल फेज वन की लिफ्ट चलाता था। उसकी तलाश में अलीगंज सहित अन्य ठिकानों पर दबिश दी गई लेकिन पता नहीं चला।
पुलिस ने उसके परिवारीजनों को पूछताछ के लिए उठाया लेकिन वह भी कुछ जानकारी नहीं दे सके। इस बीच शनिवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कैसरबाग इलाके में विनय की मौजूदगी की सूचना पाकर पहुंची पुलिस ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया। विनय शहर से भागने के इरादे से कैसरबाग स्थित रोडवेज बस अड्डे पर आया था।
पूछताछ में उसने जुर्म कुबूल करते हुए माफी भी मांगी। उसे कोतवाली लाकर वारदात के बारे में पूछताछ की जा रही है। इंस्पेक्टर का कहना है कि वारदात में शामिल तीनों आरोपी गिरफ्तार कर लिए गए हैं। अस्पताल प्रशासन से सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मांगी गई है।
ये था पूरा मामला
मालूम हो कि केजीएमयू के शताब्दी अस्पताल फेज वन में हरदोई से उपचार कराने आए न्यूरो के मरीज की पत्नी को बुधवार रात सरफराजगंज निवासी सिक्योरिटी गार्ड शिवकुमार बड़े मंगल के भंडारे का प्रसाद व खाना खिलाने के बहाने चौथे फ्लोर पर स्थित लिफ्ट मशीन कक्ष ले गया था, जहां उसका साथी सिक्योरिटी गार्ड संतोष और लिफ्टमैन विनय पहले से मौजूद थे।
तीनों ने महिला को बंधक बनाकर गैंगरेप किया। करीब चार घंटे तक पीड़िता से दरिंदगी की। रात करीब डेढ़ बजे मौका लगने पर वह कमरे से निकल भागी और रोते-पीटते हुए पति को आपबीती सुनाई। दंपती ने पुलिस से शिकायत करने का फैसला किया।
इसके बाद आरोपियों ने उसे 50 हजार रुपये का लालच देकर मुंह बंद रखने की धमकी दी। हालांकि, बृहस्पतिवार सुबह पीड़ित दंपती चौक कोतवाली पहुंचे और तीनों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।