लखनऊ। प्रदेश की तराई की समृद्ध जैव विविधता, वन्यजीवों और प्राकृतिक विरासत को वैश्विक मंच पर प्रस्तुत करने के लिए एक बड़ी और महत्वपूर्ण पहल की गई है। सरोजनीनगर विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह की पहल और एनवायरनमेंट वॉरियर्स के प्रयासों से अनटेम्ड तराई परियोजना शुरू हुई है। नवाब वाजिद अली शाह प्राणि उद्यान में यूपी वन विभाग, पांच बार के राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार विजेता वन्यजीव फिल्मकार सुब्बैया नल्ला मुथु की संस्था नल्लाज आर्क और एनवायरनमेंट वॉरियर्स के अम्बिका मिश्रा के बीच परियोजना के लिए एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए। परियोजना के तहत यूपी के तराई क्षेत्र के प्रमुख वन क्षेत्रों में अगले तीन वर्षों तक गहन फिल्मांकन किया जाएगा। इसमें दुधवा राष्ट्रीय उद्यान, पीलीभीत टाइगर रिजर्व, कतर्नियाघाट वन्यजीव अभयारण्य, रानीपुर टाइगर रिजर्व और अमानगढ़ टाइगर रिजर्व जैसे प्रमुख क्षेत्र शामिल हैं। विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह ने कहा कि पहल का उद्देश्य तराई की अनकही कहानियों को पूरी दुनिया के सामने लाना है। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रधान मुख्य वन संरक्षक व विभागाध्यक्ष यूपी सुनील चौधरी और विशिष्ट अतिथि प्रधान मुख्य वन संरक्षक (वन्यजीव) अनुराधा वेमुरी, प्रसिद्ध फिल्मकार सुब्बैया नल्ला मुथु, रामेश्वर सिंह, निखिल शर्मा, एन. रविन्द्र, दीपक कुमार, राम कुमार, अरविन्द कुमार सिंह, सुजॉय बनर्जी, प्राणि उद्यान निदेशक संजय कुमार बिश्वाल, क्षेत्रीय वनाधिकारी मुकेश कुमार कांडपाल समेत वन विभाग के अधिकारी, शिक्षक व छात्र-छात्राएं मौजूद रहे।