स्कूली पाठ्यक्रम में बदलाव कर सरकार बढ़ाएगी सड़क सुरक्षा के प्रति जागरुकता: मुख्यमंत्री योगी
परिवहन विभाग की ओर से शनिवार को आयोजित 'रन फार सेफ्टी' रैली को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सीएम ने कहा कि समाज को व्यवस्थित करने के लिए पहले खुद में बदलाव लाना होगा। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करने पर पुलिस और परिवहन विभाग के अधिकारी जब रोकते हैं तो लोग अपना रौब दिखाने लगते हैं।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए हम खुद को सुरक्षित रख सकते हैं और लोगों की सुरक्षा में भी अपना योगदान दे सकते हैं।
उन्होंने कहा कि जीवन अमूल्य है, हर नागरिक को अपने व्यक्तिगत जीवन व सार्वजनिक जीवन में अपनी जिम्मेदारियों को समझना चाहिए। ऐसा होने पर समाज में चीजें अपने आप व्यवस्थित होती चली जाएंगी।
उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का पालन न करने से अराजकता का माहौल पैदा होता है और सभी को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
मुख्यमंत्री ने सड़क सुरक्षा के प्रति आम जन को जागरूक करने के लिए एक वृहद अभियान की आवश्यकता भी महसूस की। ‘रन फार सेफ्टी’ इसी अभियान की एक कड़ी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोगों को जागरूक करने के लिए सरकार स्कूली पाठ्यक्रम में बदलाव करने जा रही है।
अन्य माध्यमों से भी लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सड़क सुरक्षा से संबंधित अलग अलग विभागों की वह लगातार समीक्षा कर रहे हैं और जहां कमियां है, उसे दूर करने के लिए तमाम कदम उठाए गए हैं।
यूपी की सीमा समाप्त होते ही धारण कर लेते हैं हेल्मेट
इस मौके पर उप मुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों की हम सब अंदेखी करते हैं। कई बार चालान होने के डर से लोग हेलमेट और सीट बेल्ट लगाते हैं, ऐसा नहीं होना चाहिए। गाजियाबाद में रहने वाले लोग अपनी स्कूटर की डिग्गी में हेलमेट रख कर चलते हैं।
जैसे ही यूपी की सीमा समाप्त होती है और दिल्ली की सीमा शुरू होती है, गाड़ी की डिग्गी में रखा हेलमेट निकल कर सर पर आ जाता है। इसी तरह चार पहिया वाहन का चालक और आगे बैठा व्यक्ति भी अपनी सीट बेल्ट लगा लेता है।
इस मौके पर परिवहन विभाग की प्रमुख सचिव अराधना शुक्ला, प्रमुख सचिव सूचना अवनीश अवस्थी, परिवहन आयुक्त पी गुरु प्रसाद सहित काफ संख्या में परिहवन विभाग के अधिकारी विभिन्न संस्थाओं व स्कूलों के बच्चे मौजूद थे। रैली का समापन 1090 चौराहे पर किया गया।