विसर्जन जुलूस पर पथराव के बाद भारी बवाल, 24 दुकानें फूंकी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
गोंडा के उतरौला रोड पर दयानंदनगर के पास गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस पर बुधवार शाम को पथराव के बाद शहर में जमकर बवाल हुआ। दो पक्षों में देर रात तक रुक-रुककर पथराव हुआ।
हिंसक भीड़ ने चौक के भरत मिलाप चौराहा व एकता चौराहे पर 24 दुकानों में लूटपाट करके आग लगा दी। इसके साथ ही जगह-जगह पटरी पर लगीं दुकानें, गुमटी व ठेले पलटकर फूंक दिए। हिंसक भीड़ को देखकर पुलिस को कदम पीछे खींचने पड़े।
बाद में पीएसी, क्यूआरटी समेत कई थानों की फोर्स के साथ डीएम व अन्य अफसर मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हवाई फायरिंग करने के साथ ही आंसू गैस के गोले दागकर हिंसक भीड़ को खदेड़कर स्थिति संभाली।
घटना के कई लोगों के घायल होने की खबर है। घटना को लेकर शहर में तनाव व्याप्त है। देर रात तक विभिन्न इलाकों में पत्थरबाजी और आगजनी की घटनाएं होतीं रहीं। प्रशासन ने एहतियात के तौर पर शहर में धारा 144 लागू करने के साथ ही पुलिस-पीएसी तैनात कर दी है।
शहर के विभिन्न मोहल्लों में स्थापित गणेश प्रतिमा प्रतिमाओं के विसर्जन के लिए बुधवार अपराह्न जुलूस निकल रहा था। शाम करीब चार बजे शहर के महराजगंज रोड पर दयानंदनगर मोहल्ले में एक धर्मस्थल के पास कुछ शरारती युवकों ने जुलूस पर पत्थरबाजी शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों पक्षों में पथराव होने लगा।
तमाम गुमटी व ठेले पलटकर फूंके
कुछ उपद्रवियों ने महराजगंज रोड पर नाई की दुकान में आग लगा दी। हिंसक भीड़ ने एकता चौराहे व भरत मिलाप चौराहे पर मेडिकल स्टोर, ज्वैलरी शॉप समेत करीब 24 दुकानों में लूटपाट करके आग लगा दी। तमाम गुमटी व ठेले पलटकर फूंक दिए।
भारी उपद्रव और पथराव देख मौके पर पहुंचे पुलिसकर्मियों को भी कदम पीछे खींचने पड़े। बाद में डीएम अजय कुमार उपाध्याय, एएसपी रवींद्र सिंह समेत अन्य अफसर पीएसी, क्यूआरटी और दंगा निरोधक टीम के साथ मौके पर पहुंचे।
जवानों ने आंसू गैस के गोले दागने के साथ ही कई राउंड हवाई फायरिंग करके हिंसक भीड़ को खदेड़ दिया। इसके बाद भी देर रात तक विभिन्न इलाकों में रुक-रुककर पथराव व आगजनी की खबरें आतीं रहीं। पथराव के कई लोग हुए हैं।
देर शाम तक जिलाधिकारी अजय कुमार उपाध्याय व अन्य अफसर मौके पर डटे रहे। इस बाबत डीएम से बात करने की कोशिश की गई लेकिन उनसे संपर्क नहीं हो सका।
अपर जिलाधिकारी त्रिलोकी सिंह ने बताया कि शहर में धारा 144 लागू कर दी है। तनाव के मद्देनजर पुलिस जवानों को गश्त करने के निर्देश दिए गए हैं। अब स्थिति नियंत्रण में है।
तीन बाइक व एक कार को बनाया निशाना
उपद्रव के दौरान रात करीब आठ बजे चौक से फैजाबाद रोड तिराहा पर उपद्रवियों ने एक बाइक को आग के हवाले कर दिया जबकि एकता चौराहे पर दो बाइक फूंक दीं। उपद्रवियों ने एक शिक्षिका की कार भी क्षतिग्रस्त कर दी। हिंसक भीड़ को देखकर कई लोग सड़क पर अपने वाहन छोड़कर भाग गए।
शहर में पसरा सन्नाटा
बकरीद के मद्देनजर बुधवार को साप्ताहिक बंदी के बावजूद तमाम दुकानें खुली थीं। बवाल होने पर न सिर्फ चौक बल्कि पूरे नगर में दुकानों के शटर गिर गए। लोग भागकर अपने-अपने घर जाने की जल्दी में दिखे।
इस भगदड़ में विसर्जन जुलूस में शामिल कई महिलाओं के भी घायल होने की सूचना है लेकिन अभी तक उनके नाम सामने नहीं आ पाए हैं। उपद्रव के बाद चौक इलाके में तमाम लोगों के जूते-चप्पल छूट गए, जिन्हें देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हालात क्या रहे होंगे। उपद्रवियों ने गुमटी, ठेले व तख्त पर लगी दुकानें भी पलटकर फूंक दीं।
मामले पर एएसपी गोंडा रवींद्र सिंह का कहना है ‘विसर्जन जुलूस के दौरान कुछ अराजक तत्वों के पत्थरबाजी करने पर बवाल हुआ था। अब शहर में शांति के साथ ही स्थिति नियंत्रण में है। शहर में अमनचैन बहाल करने के लिए प्रशासन पूरी कोशिश कर रहा है। तनाव के मद्देनजर शहर भर में पुलिस फोर्स की तैनाती कर दी गई है। उपद्रवियों को कतई बक्शा नहीं जाएगा।’