{"_id":"5e6cf8ea8ebc3ea7d03e0bc7","slug":"temporary-temple-of-fiber-reached-ayodhya-for-ramlala","type":"story","status":"publish","title_hn":"अब एसी गर्भगृह में विराजेंगे रामलला, अयोध्या पहुंचा फाइबर का अस्थायी मंदिर","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
अब एसी गर्भगृह में विराजेंगे रामलला, अयोध्या पहुंचा फाइबर का अस्थायी मंदिर
Sat, 14 Mar 2020 09:01 PM IST
Vikas Kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अयोध्या
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अयोध्या
Published by: Vikas Kumar
Updated Sat, 14 Mar 2020 09:01 PM IST
सार
रामलला को नए अस्थायी गर्भगृह में विराजित करने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। अस्थाई मंदिर के लिए चल रहा निर्माण कार्य 18 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है।
विज्ञापन
रामलला
- फोटो : अमर उजाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
रामलला को नए अस्थायी गर्भगृह में विराजित करने की तैयारी अब अंतिम चरण में पहुंच चुकी है। अस्थाई मंदिर के लिए चल रहा निर्माण कार्य 18 मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य है। वहीं दूसरी तरफ अब रामलला का गर्भगृह वातानुकूलित होगा। शिफ्टिंग के बाद नए गर्भगृह में रामलला के लिए एसी लगाया जाएगा। वहीं दूसरी तरफ फाइबर का अस्थायी मंदिर भी तैयार होकर दिल्ली से अयोध्या पहुंच गया है। यह अस्थाई मंदिर पूरी तरह बुलेटप्रूफ है।
विज्ञापन
अब जल्द ही रामलला को टेंट से मुक्ति मिल जाएगी। आगामी 25 मार्च से भक्त नए स्थल पर रामलला का दर्शन कर सकेंगे। इस बार गर्भगृह में रामलला को गर्मी से बचाने के लिए एसी भी लगाया जाएगा। 24 मार्च को रामलला को नए स्थान पर शिफ्ट किए जाने के बाद ही एसी लगा दिया जाएगा। अभी तक रामलला के लिए यह व्यवस्था नहीं थी। सर्दी, गर्मी, बरसात हर मौसम में रामलला टेंट में विराजते थे, उनके लिए कोई अतिरिक्त सुविधा भी नहीं थी। लेकिन अब रामलला को हर तरह सुविधाएं मिलेंगी।
विज्ञापन
रामनगरी के अन्य मंदिरों में विराजमान भगवान को गर्मी से बचाने के लिए संत-महंत तरह-तरह के यत्न करते हैं। मंदिरों में कूलर, एसी तक लगाए जाते थे, लेकिन रामलला के मंदिर में कूलर, एसी की कोई व्यवस्था नहीं थी। वे तो टेंट में विराजमान थे, जो कि भीषण गर्मी में और भी तपता था तो बरसात में कभी कभार पानी की बूंदे भी टपकती थीं। अब रामलला जिस फाइबर के अस्थायी मंदिर में विराजेंगे वह वाटर एवं फायर प्रूफ होगा।
विज्ञापन
वहीं दूसरी तरफ 20 से अस्थायी मंदिर के लिए तय स्थान के शुद्धीकरण का काम शुरू हो जाएगा। विधायक वेद प्रकाश गुप्ता ने बताया कि ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय व सदस्य डॉ. अनिल मिश्र बंगलूरू में आरएसएस के कार्यक्रम में हिस्सा लेने गए हैं। गृह विभाग की सुरक्षा टीम दिल्ली से अस्थायी मंदिर यहां लाकर इसकी फिटिंग 24 मार्च तक कर लेगी। नवरात्र के प्रथम दिन 25 मार्च से भक्तों को नए स्थान पर रामलला के दिव्य-भव्य दर्शन होंगे।
केंद्रीय मंत्री ने देखा निर्माणाधीन अस्थायी गर्भगृह स्थल
केंद्रीय मंत्री महेंद्रनाथ पांडेय ने शनिवार को रामलला के दर्शन के दौरान अस्थायी गर्भगृह स्थल भी देखा। इसी स्थल पर रामलला को विराजित करने की तैयारी है। केंद्रीय मंत्री के साथ महापौर ऋषिकेश उपाध्याय व डीएम अनुज कुमार झा भी मौजूद रहे। दर्शन मार्ग से लौटते समय उन्होंने अस्थाई गर्भगृह निर्माण स्थल को देखा। जिलाधिकारी ने उन्हें निर्माण कार्यों की जानकारी दी और बताया कि 25 मार्च से इसी नए स्थान पर भक्तों को रामलला का दर्शन होगा।
रामलला के दरबार में मनेगा भव्य जन्मोत्सव
इस बार रामलला के दरबार में भी भव्य रामजन्मोत्सव की तैयारी तेज हो गई है। रामलला के पुजारी आचार्य सत्येंद्र दास ने बताया कि इस बार की रामनवमी खास होगी। रामलला के जन्मोत्सव में श्रद्धालु शामिल होंगे। रामलला को तीन कुंतल पंजीरी, एक कुंतल पंचामृत का भोग लगेगा। उन्होंने बताया कि श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट भव्य व्यवस्था कर रहा है। श्रद्धालुओं को भी इस बार भोग प्रसाद वितरित किया जाएगा।
रामलला का नया गर्भगृह वातानुकूलित होगा। इस बार रामलला को गर्मी से बचाने के लिए गर्भगृह में एसी लगाया जाएगा। रामलला का अस्थायी फाइबर मंदिर भी बनकर तैयार है, उसे दिल्ली से अयोध्या लाया जा चुका है। 24 मार्च को अस्थाई फाइबर के मंदिर में रामलला को शिफ्ट कर दिया जाएगा।
-अनुज कुमार झा, सदस्य श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र