आज होगा तंजील हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
एनआईए अधिकारी तंजील अमहद की हत्या के मामले में पूर्व में हिरासत में लिए गए रेहान व जैनुल आबदीन उर्फ जैनी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
देर रात पुलिस ने हत्याकांड के मास्टर माइंड मुनीर और उसके फैजाबादी साथी सऊद की घेराबंदी कर ली है। इस सनसनीखेज हत्याकांड का उच्च पुलिस अधिकारी मंगलवार को औपचारिक खुलासा कर सकते हैं।
दरअसल सोमवार को मुनीर के दो साथी एवं रिश्तेदारों के बिजनौर कोर्ट में 164 के बयान दर्ज कराए जा चुके हैं। इस केस को फूलप्रूफ बनाने के लिए पुलिस किसी तरह के साक्ष्य और सबूत में किसी तरह की ढिलाई नहीं बरत रही है, लिहाजा इन्हें सरकारी गवाह बनाकर इस मुकदमे की लिखा-पढ़ी की जा रही है।
उधर, पुलिस ने बीते दिनों बिजनौर के धामपुर में हुई 91 लाख की बैंक लूट में भी मुनीर और उसके साथी सऊद को वांछित दर्शा दिया है। फिलहाल पुलिस के आला अफसर इतना ही स्वीकार कर रहे हैं कि मुनीर की तलाश में बिजनौर पुलिस के अलावा एसटीएफ व एटीएस की टीमें विभिन्न जगहों पर दबिश दे रही हैं और जल्दी ही उसके हाथ में आने की संभावना है।
हत्या में शामिल थे मुनीर व रेहान
एडीजी कानून-व्यवस्था दलजीत सिंह चौधरी ने भी कहा कि अभी तक मुनीर किसी भी जांच एजेंसी के कब्जे में नहीं आया है। पर सोमवार देर रात पुलिस सूत्रों ने दावा किया कि मुनीर और उसके फैजाबादी साथी की घेराबंदी फैजाबाद के आसपास कर ली गई है।
माना जा रहा है कि मंगलवार को इनकी भी गिरफ्तारी दिखाकर मंगलवार को पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
उधर, सोमवार को एडीजी ने माना कि मुनीर और रेहान ही हत्या करने में शामिल थे। इसमें रेहान के मित्र जैनी ने भी साथ दिया। कहा कि रेहान उस वैवाहिक समारोह में भी शामिल था, जिसमें तंजील अपने परिवार के साथ गए थे।
विवाह समारोह से जैसे ही तंजील बाहर निकले रेहान अपने साथी जैनी और मुनीर के साथ उनके पीछे हो लिया। बीच में रेहान ने अपनी मोटर साइकिल अपने साथी जैनी को दे दी और उसे वापस भेज दिया जबकि वह खुद मुनीर को मोटर साइकिल चलाने लगा और मुनीर पीछे बैठ गया।
मौके पर इन लोगों ने तंजील की वैगन आर रोक कर ताबड़तोड़ गोली चलाई और भाग निकले। एटीएस ने विवाह समारोह के फुटेज व सीसीटीवी कैमरों के फुटेज से रेहान को कुछ दिन पहले ही चिह्नित कर हिरासत में ले लिया था।
एटीएस के सूत्रों का कहना है कि दिल्ली की एक प्रापर्टी को लेकर रेहान व मुनीर पिछले कई दिनों से तंजील से असंतुष्ट चल रहे थे। इस बीच प्रापर्टी के एक-दो और मामलों में तंजील ने मुनीर के हित के विरुद्ध दखल कर दिया था।