अप्रैल के अंत तक पूरी होगी 3307 दरोगा की भर्ती प्रक्रिया, बोर्ड ने तेज की तैयारी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
3307 पुलिस उप निरीक्षकों की सीधी भर्ती प्रक्रिया अप्रैल के अंत तक पूरी हो जाएगी। इसके लिए उप्र पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड ने तैयारी तेज कर दी है। वेबसाइट पर आई आपत्तियों का परीक्षण हो रहा है। शीघ्र ही उनका निस्तारण कर सफल अभ्यर्थियों की सूची प्रकाशित कर दी जाएगी।
भर्ती बोर्ड के चेयरमैन जीपी शर्मा ने बताया कि 3307 दरोगाओं के लिए भर्ती प्रक्रिया 2016 में शुरू हुई थी। इसके लिए 12 दिसंबर से 22 दिसंबर 2017 तक ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई थी। 2 जनवरी से 9 जनवरी तक आपत्तियां मांगी गई थीं।
इनके निस्तारण के बाद संशोधित रिस्पांस शीट 8 मार्च को अपलोड की गई थी। इसके बाद भी मुख्य परीक्षा से संबंधित कुछ आपत्तियां आई हैं जिनका निस्तारण हो रहा है। शर्मा ने कहा, रविवार या सोमवार तक इसका परिणाम घोषित कर दिया जाएगा और उत्तीर्ण अभ्यर्थियों की सूची वेबसाइट पर अपलोड कर दी जाएगी।
अगले महीने डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और फिजिकल टेस्ट की प्रक्रिया पूरी करके चयनित अभ्यर्थियों की सूची डीजीपी मुख्यालय को भेज दी जाएगी।
सिपाही भर्ती के लिए मांगा आवेदन
इस बीच सिपाही भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब उन अभ्यर्थियों से आवेदन मांगे गए हैं जो किसी वजह से सुप्रीम कोर्ट चले गए थे। कोर्ट ने एक वर्ष के भीतर निकलने वाली भर्ती में इन याचिकाकर्ताओं को शामिल करने का आदेश दिया था। इसके बाद लगभग 35 अभ्यर्थियों से आवेदन मांगा गया है।
शर्मा ने बताया कि आवेदन आने के बाद बोर्ड ऑफलाइन परीक्षा का कार्यक्रम घोषित करेगा। इसके लिए 22.5 लाख अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था। यह परीक्षा सभी जिलों में होगी। हर सेंटर पर सीसीटीवी कैमरे लगे होंगे और बायोमीट्रिक जांच के बिना परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं मिलेगा।