दरोगा भर्ती : मृतक आश्रितों के लिए परीक्षा सात मई को, 27 अप्रैल से मिलेगा एडमिट कार्ड
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उप निरीक्षक के 454 पदों को मृतक आश्रित कोटे से भर्ती की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसके लिए मृतक आश्रितों की सूची भर्ती बोर्ड की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। इनकी परीक्षा सात मई को होगी।
भर्ती बोर्ड के चेयरमैन जीपी शर्मा ने बताया कि इन मृतक आश्रितों को दक्षता मूल्यांकन परीक्षा के लिए सात मई को 35वीं बटालियन पीएसी, लखनऊ बुलाया गया है। इसके लिए 27 अप्रैल से एडमिट कार्ड वेबसाइट पर उपलब्ध कराया जाएगा।
दक्षता मूल्यांकन परीक्षा के लिए पुरुषों को 4.8 किलोमीटर की दूरी 35 मिनट में पूरी करनी होगी जबकि महिलाओं को परीक्षा पास करने के लिए 2.4 किलोमीटर की दूरी 20 मिनट में तय करनी होगी।
तीन सदस्यों की समिति लेगी परीक्षा
भर्ती बोर्ड की ओर से बताया गया है कि तीन सदस्यीय टीम परीक्षा कराएगी। इसमें एक एसीएम स्तर का अधिकारी, एक पुलिस उपाधीक्षक स्तर का अधिकारी और एक डॉक्टर को रखा गया है। अभ्यर्थियों की क्वालीफाइंग परीक्षा होगी।
शारीरिक दक्षता परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को चयनित करते हुए अंतिम चयन सूची बनाई जाएगी। इस सूची में स्थान न पाने वाले को मृतक आश्रित कोटे से भर्ती के लिए असफल घोषित किया जाएगा।
मृतक आश्रित को यह परीक्षा पास करने के बाद कोई अन्य टेस्ट देने की आवश्यकता नहीं होगी। इनका वेतनमान 9300-34800 ग्रेड पे 4200 होगा। मालूम हो कि पुलिस विभाग की ओर से मृतक आश्रितों के सेवायोजन के लिए 22 जनवरी, 2018 को भर्ती बोर्ड को सूची भेजी गई थी।