रईसजादों ने बाइक सवारों को मारी टक्कर फिर अगवा कर पीटा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राजधानी लखनऊ की कानून व्यवस्था का मखौल बना रहे रईसजादों ने शुक्रवार रात हजरतगंज से गोमती नगर तक खूब अराजकता फैलाई। खुलेआम गुंडागर्दी पर उतारू कार सवार रईसजादों ने वाईएमसीए बिल्डिंग चौराहे पर बाइक सवार युवकों को टक्कर मार दी।
किसी तरह युवकों ने पीछा कर गोमती नगर एक्सटेंशन पर कार रुकवाई तो रईसजादों ने फोन कर अपने साथियों को बुलवा लिया और युवकों को कुचलने की कोशिश की।
लग्जरी कार से आए साथियों ने बाइक सवार युवकों को पीटा और अगवाकर अपनी कार में डालकर इंटीग्रल यूनिवर्सिटी ले गए। यहां कमरे में बंदकर दोनों को रातभर पीटा और चेन, मोबाइल फोन व रुपये छीनकर शनिवार सुबह लॉरेटो स्कूल के पास फेंक गए।
सूचना पर पहुंचे परिवारीजनों ने दोनों को अस्पताल में भर्ती कराया। पीड़ितों ने छह नामजद सहित नौ लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। थाना प्रभारी सत्येंद्र राय का कहना है कि मामला लेन-देन और आपसी झगड़े का है। छानबीन की जा रही है।
अगवा कर ले गए और पीटा
पुलिस ने बताया कि माल एवेन्यू में रहने वाले प्रॉपर्टी डीलर का बेटा फैजान अपने दोस्त चौक के पाटानाला निवासी फैज खान के साथ रात करीब तीन बजे वाईएमसीए बिल्डिंग के पास चाय पीने आया था।
दोनों की बाइक को सफेद रंग की क्रेटा कार ने टक्कर मार दी। फैज व फैजान ने रोकने की कोशिश की लेकिन, कार सवार युवक भाग निकले। दोनों ने कार का पीछा किया और गोमती नगर एक्सटेंशन में रोहतास अपार्टमेंट के पास कार रुकवा ली।
फैज का कहना है कि कार में सूचना आयुक्त हाफिज उस्मान का बेटा फहद उस्मान व उसके साथी बैठे थे। फहद ने फोन कर दोस्तों को बुलवा लिया।
महिंद्रा एक्सयूवी कार से पहुंचे सक्षम सक्सेना, अकरम, अशरफ, अहमद व उसके दो-तीन साथियों ने बाइक सवार युवकों को कुचलने की कोशिश की।
इसमें फैजान का दायां पैर टूट गया जबकि फैज को भी काफी चोटें आईं। दोनों ने शोर मचाया तो कार सवार दबंग उन्हें जबरन उठाकर ले गए।
अलग-अलग कमरे में बंद कर की पिटाई
फैज के मुताबिक, उन्हें इंटीग्रल यूनिवर्सिटी ले जाया गया और अलग-अलग कमरे में बंद करके पिटाई की गई। जान से मारने की नियत से फहद ने तमंचा निकालकर फैजान पर फायर भी किया लेकिन वह बाल-बाल बच गया।
इसके बाद दोनों को लात-घूंसों से पीटते हुए फैज का मोबाइल फोन तोड़ दिया और जेब में रखे दो हजार रुपये, कलाई घड़ी व फैजान के 500 रुपये छीन लिए।
सुबह करीब पांच बजे फहद ने औसाफ अहमद को फोन कर मिलने के लिए कहा। दोनों को कार में लादकर सभी बदमाश गोमती नगर पहुंचे और औसाफ से सड़क पर मुलाकात की। दोनों के बीच कुछ देर बातचीत हुई।
इसके बाद रईसजादे दोनों को लेकर गौतमपल्ली स्थित लॉरेटो कॉन्वेंट स्कूल पहुंचे और सड़क पर फेंककर भाग निकले।
किसी तरह घर पहुंचे और पुलिस को दी सूचना
फैज ने बताया कि किसी तरह रिक्शा करके वह फैजान के घर गए और परिवारीजनों को घटनाक्रम की जानकारी दी। परिवारीजनों ने पुलिस को सूचना देकर उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया। गोमती नगर व विभूतिखंड पुलिस ने दोनों से पूछताछ की। फैज की तरफ से सभी आरोपियों को नामजद करते हुए तहरीर दी गई। पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है।
इंटर के छात्र हैं पीड़ित
थाना प्रभारी सत्येंद्र राय ने बताया कि दोनों पीड़ित इंटर के छात्र हैं। फैज पुराने लखनऊ के एक स्कूल में पढ़ता है। उसके पिता सीएसआईआर में ड्राइवर हैं।
फैजान ने गोमती नगर के निजी स्कूल से प्राइवेट फार्म भरा है। फहद का झगड़ा फैजान से बताया जा रहा है। थाना प्रभारी ने कहा कि नामजद आरोपियों की तलाश की जा रही है।
वाईएमसीए बिल्डिंग चौराहे पर रातभर होता है उत्पात
वाईएमसीए बिल्डिंग चौराहे पर सारी रात हुड़दंग और उत्पात होता है। लग्जरी कारों और बाइक से आए युवक नशे में रहते हैं और बीच सड़क पर वाहन खड़ा करके अराजकता फैलाते हैं।
ठीक चौराहे पर पुलिस बूथ है, जहां हर वक्त पुलिसकर्मी तैनात रहते हैं। चौराहे पर चारों तरफ सीसीटीवी कैमरे भी लगे हुए हैं। इसके बावजूद अराजक तत्वों की रोकथाम नहीं हो पा रही है।