यूपी बोर्ड: पास कराने के लिए कापी में रुपये रख रहे परीक्षार्थी, डीआईओएस की छापेमारी में हुआ खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा उत्तीर्ण करने के लिए परीक्षार्थियों ने नया फंडा अपनाया है। परीक्षार्थी उत्तर पुस्तिकाओं में पांच सौ से दो हजार रुपये के नोट नत्थी करने के साथ मूल्यांकन करने वाले शिक्षकों से अच्छे अंक देने का अनुरोध कर रहे हैं। यह खेल केंद्र व्यवस्थापक और कक्ष निरीक्षकों की मदद से चल रहा है।
उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की ओर से संचालित हाईस्कूल व इंटरमीडिएट बोर्ड परीक्षा की हाईटेक निगरानी व अधिकारियों के निरीक्षण से परेशान नकल माफियाओं ने नई व्यवस्था ईजाद की है। अपने स्कूल के बच्चों को अच्छे अंक से उत्तीर्ण कराने की कोशिश में जुटे स्कूल प्रशासन व प्रबंधन केंद्र वाले स्कूल प्रबंधन व प्रशासन को मिलाकर परीक्षार्थियों से विषय की गंभीरता के हिसाब से (पांच सौ से दो हजार रुपये तक) रुपये उत्तर पुस्तिका में नत्थी करवा रहे हैं।
उत्तर पुस्तिकाओं में रुपये संलग्न करने के साथ ही अंतिम पेज में मूल्यांकन करने वाले शिक्षक से अच्छे अंक देने का अनुरोध भी किया जा रहा है। बच्चों की ओर से उत्तर पुस्तिकाओं में रखे गए रुपये मूल्यांकन करने वाले शिक्षक तक पहुंच सके इसके लिए कक्ष निरीक्षक के साथ केंद्र व्यवस्थापकों को सुविधा शुल्क देते हुए अपने प्लान में शामिल किया गया है।
डीआईओएस की छापामारी में हुआ खुलासा
डीआईओएस जयकरन लाल वर्मा ने बताया कि मंगलवार को मामला उनके संज्ञान में आया। उन्होंने ताला स्थित मुकुटनाथ इंटर कॉलेज की कॉपियों को सील करने से पहले औचक निरीक्षण किया तो कई परीक्षार्थियों की कॉपी में नोट लगे मिले।
डीआईओएस ने बताया कि दो कक्ष में 73 सौ रुपये उत्तर पुस्तिकाओं से बरामद हुए। बरामद रुपया केंद्र व्यवस्थापक के सामने लिफाफे में सील करते हुए मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी जा रही है। हालांकि डीआईओएस ने यह बताने से इंकार कर दिया कि जिन परीक्षार्थियों की उत्तर पुस्तिका से नोट बरामद हुए वे किन स्कूलों के बच्चे हैं।
सभी स्कूलों को भेजा गया पत्र
डीआईओएस ने बताया कि उत्तर पुस्तिकाओं में नोट नत्थी करना नियम विरुद्ध होने के साथ ही परीक्षा की शुचिता प्रभावित करने वाला है। सभी केंद्र व्यवस्थापकों, सचल दल, सेक्टर व जोनल मजिस्ट्रेट को पत्र जारी कर परीक्षा में कापियों को संकलित करने से पहले उसका निरीक्षण करते हुए नोट को निकालकर सील करने के साथ ही संबंधित केंद्र व्यवस्थापक व कक्ष निरीक्षक के खिलाफ केस दर्ज कराने के साथ ही विभागीय कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।