{"_id":"687d4f00f6c6db3d97023a55","slug":"student-found-hanging-relative-forcibly-cremated-her-body-by-burning-her-with-petrol-lucknow-news-c-13-1-vns1028-1302094-2025-07-21","type":"story","status":"publish","title_hn":"Lucknow News: फंदे पर लटकी मिली छात्रा, रिश्तेदार ने पेट्रोल से जलाकर जबरन किया अंतिम संस्कार","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Lucknow News: फंदे पर लटकी मिली छात्रा, रिश्तेदार ने पेट्रोल से जलाकर जबरन किया अंतिम संस्कार
विज्ञापन
विज्ञापन
बख्शी का तालाब (लखनऊ)। शिवपुरी गांव में शनिवार की शाम संदिग्ध हालात में सातवीं की छात्रा नव्या (13) का शव उसके घर में लटका मिला। छात्रा की मां कांति यादव का आरोप है कि उनके एक रिश्तेदार ने बिना पुलिस को सूचना दिए अपने साथियों के साथ मिलकर जबरन बेटी का पेट्रोल छिड़क कर अंतिम संस्कार कर दिया। इससे आक्रोशित परिजनों ने शाम पांच बजे से लेकर रात एक बजे तक खूब हंगामा किया। आरोपी रिश्तेदार घटना के बाद से फरार है। तनाव देखते हुए गांव में पुलिस तैनात की गई है।
नव्या की मां कांति के मुताबिक बीते वर्ष उनके पति राजकुमार ने आत्महत्या की थी। देवर की सड़क हादसे में मौत हो गई थी। आरोप है कि पति-देवर की मौत के बाद रिश्तेदार ने उनकी संपत्ति पर कब्जा कर लिया। इस कारण रिश्तेदार से उनका विवाद चल रहा है। शनिवार अपराह्न तीन बजे बेटी नव्या तीन बहनों और भाई के साथ स्कूल से घर लौटी थी। फिर वह रिश्तेदार के घर चली गई थी। वहां से लौटने के करीब एक घंटे बाद नव्या अपने घर में साड़ी के सहारे फंदे से लटकी मिली। यह देख मां और नव्या की बहनें काजल, वंशिका, सौम्या और भाई कृष्णा की चीख निकल गई।
विज्ञापन
नव्या की मौत की खबर सुनकर ग्रामीण और आरोपी रिश्तेदार भी घर आए। बहन काजल ने घटना की जानकारी बाराबंकी के सफेदाबाद निवासी ममेरे भाई अभिषेक को दी। काजल के अनुसार रिश्तेदार ने पुलिस को सूचना दिए बिना नव्या का शव अपने साथ आए लोगों की मदद से लेकर चले गए। शाम करीब पांच बजे खेत में चिता बनाकर पेट्रोल छिड़कर नव्या का जबरन अंतिम संस्कार कर दिया। काजल के अनुसार उसने और घरवालों ने रिश्तेदार को रोकने की काफी कोशिश की, लेकिन वह नहीं माने।
विज्ञापन
मां कांति के मुताबिक जब नव्या के ममेरे भाई अभिषेक व अन्य संबंधी जब घर पहुंचे तो आरोपी रिश्तेदार ने उन्हें भी अंतिम संस्कार स्थल पर जाने से रोक दिया। पुलिस आधे घंटे बाद पहुंची। तब तक शव जल चुका था और आरोपी भाग चुके थे। कांति का आरोप है कि उनकी बेटी के साथ रिश्तेदार के घर में गलत व्यवहार हुआ। इस कारण उसे आत्मघाती कदम उठाया। ये भी बताया कि मई 2024 में पति ने मेंथा की फसल लगाने के लिए आरोपी रिश्तेदार से दस हजार रुपये मांगे थे। उन्होंने रकम देने से मना कर दिया था जिसके बाद पति ने जान दे दी थी।
मां की शिकायत पर अंतिम संस्कार स्थल से फोरेंसिक टीम ने साक्ष्य जुटाए हैं। प्राथमिक जांच में घटना के पीछे संपत्ति विवाद ही मुख्य कारण नजर आ रहा है। परिवार की ओर से तहरीर मिलते ही केस दर्ज किया जाएगा। फिलहाल गांव में फोर्स तैनात की गई है।
- संजय कुमार सिंह, इंस्पेक्टर, बीकेटी