भाजपा सांसद शत्रुघ्न सिन्हा बोले, नोटबंदी गलत थी, जीएसटी की प्रक्रिया जटिल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता, भाजपा सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री शत्रुघ्न सिन्हा ने एक बार फिर अपनी ही पार्टी की सरकार पर जोरदार हमला बोला है। उन्होंने कहा कि नोटबंदी गलत थी और जीएसटी की प्रक्रिया बहुत जटिल है।
शीरोज में आयोजित लिटरेरी फेस्टिवल के पहले दिन शुक्रवार को उन्होंने कहा, नोटबंदी से बहुत दिक्कतें हुईं, कारखाने बंद हुए, उत्पादन कम हुए, युवाओं का रोजगार चला गया। बहुत सारे लोग बेरोजगार हो गए, त्राहिमाम की स्थिति हो गई। ऐसा मुझे ही नहीं, बहुत सारे लोगों को लगा और मैं इसे छुपाकर नहीं कह सकता।
भाजपा सांसद ने कहा, मैं सिद्धांतों के साथ चलता हूं। सच्चाई से समझौता नहीं करता। भले ही इसके लिए कोई भी कीमत चुकानी पड़े। मुझे लगता है कि भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी को राष्ट्रपति बनाया जाना चाहिए था। उनसे कम से कम इसके लिए कहा तो जाता ही, भले ही वे मना कर देते।
...तो मैं क्यों नहीं बोल सकता
सिन्हा ने कहा कि जो मुझसे कहते हैं कि आप आर्थिक मुद्दों पर क्यों बोल रहे हैं तो मैं उनसे कहता हूं कि अगर कोई वकील आर्थिक मुद्दों पर इतनी बड़ी-बड़ी बातें कर सकता है, अगर एक टीवी की अभिनेत्री मानव संसाधन विकास मंत्री बन सकती हैं, एक चाय बेचने वाला चाय बेचते-बेचते देश का वो बन सकता है तो मैं क्यों नहीं बोल सकता? मेरे पास तो इतने दिनों का अनुभव है। हालांकि उन्होंने यह शेर भी कहा-मैं बहुत कुछ सोचता रहता हूं पर कहता नहीं, बोलना भी है मना, सच बोलना तो दरकिनार...।