धार्मिक स्थल के सामने DJ बजाने पर बवाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर के सहारनपुर में बारद्वारी के दौरान धर्मस्थल के सामने बैंडबाजा बजाने पर हुए विवाद में बारातियों और दूसरे समुदाय के लोगों के बीच पथराव हो गया।
इसमें दोनों पक्षों की 10 महिलाओं सहित 20 से अधिक लोग घायल हो गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर आपस में भिड़ रहे लोगों को खदेड़ा।
इसके बाद घायलों को अस्पताल भेज कर पुलिस सुरक्षा में बारात को आगे रवाना किया गया। एतिहात के तौर पर गांव में भारी पुलिस बल और पीएसी लगा दी गई है। एसडीएम और सीओ ने भी गांव पहुंच स्थिती की जानकारी ली।
...और शुरू हो गया पथराव
मिर्जापुर थाना क्षेत्र के गांव ताहरपुर में बुधवार को अमरेश की बेटी सविता की बारात नकुड़ क्षेत्र के गांव चौरा से अंकित पुत्र जनक ले कर आया था।
दापहर दो बजे गांव में बारद्वारी निकल रही थी। बैंडबाजे की धुन पर बाराती नाच रहे थे। इसी दौरान एक धार्मिकस्थल के सामने बारात के पहुंचने पर दूसरे समुदाय के लोगों ने बैंड बंद करने को कहा।
बताया जाता है कि एक बार तो बैंड बंद कर दिया गया, लेकिन कुछ देर बाद फिर से इसे चालू कर दिया गया जिस पर दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई और बाद में देखते ही देखते पथराव शुरू हो गया।
किसी भी पक्ष ने नहीं की शिकायत
दोनों तरफ से हुए पथराव में अलका, दिनेश, वीर सिंह, विनोद, राकेश, प्रदीप, प्रवीण, रविंद्र, फूल सिंह, ऋषिपाल, शकीला, कौसर, फरीदा, भूरा, लुकमान, सुफियान, सऊद, काला, आसमीन, दाउद, अफरोज और आबदा घायल हो गए।
इस दौरान बारात में भगदड़ मच गई। झगड़े की सूचना के बाद आनन-फानन में मौके पर पहुंची पुलिस ने लाठियां फटकार कर स्थिति को काबू में किया और घायलों को अस्पताल भिजवाया। इसके बाद बारात को लड़की के घर की तरफ रवाना किया गया।
सूचना पर एसडीएम शीतल प्रसाद गुप्ता और सीओ बेहट हरि प्रकाश कसाना, इंस्पेक्टर बेहट पवननिधि शर्मा पुलिस बल और पीएसी लेकर गांव पहुंचे। वहां एसडीएम ने दोनों पक्षों के लोगों से बात कर उन्हें समझाया।
एतिहात के तौर पर गांव में पीएसी तैनात कर दी गई है। एसओ नरेश चौहान ने बताया कि गांव में अब कोई तनाव नहीं है और स्थिति शांतिपूर्ण है। किसी भी पक्ष की तरफ से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आते ही कार्रवाई की जाएगी।