देवरिया कांड: राज्य सरकार ने केंद्र को भेजी सीबीआई जांच की सिफारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
देवरिया के नारी संरक्षण गृह की जांच सीबीआई से कराए जाने के लिए राज्य सरकार ने केंद्रीय प्रशिक्षण एवं कार्मिक विभाग को अपनी सिफारिश भेज दी है। प्रमुख सचिव गृह अरविंद कुमार ने बताया कि निर्धारित प्रारूप में डीओपीटी को पत्र बृहस्पतिवार देर शाम भेज दिया गया।
माना जा रहा है कि इस मामले में सीबीआई जल्द ही निर्णय लेकर जांच शुरू कर सकती है। वहीं सूत्रों का कहना है कि इस मामले में केंद्र सरकार ने भी दिलचस्पी दिखाते हुए राज्य सरकार से जल्द सिफारिश भेजने का आग्रह किया था। इसके बाद राज्य के गृह विभाग ने तेजी दिखाते हुए सभी जरूरी दस्तावेजों के साथ सीबीआई जांच की सिफारिश केंद्र को भेज दी।
देवरिया में संरक्षण गृह में चल रहे गोरखधंधे का मामला उजागर होने के बाद मुख्यमंत्री ने मंगलवार को पूरे मामले की जांच सीबीआई से कराए जाने का फैसला लिया था। सीबीआई जांच शुरू होने से पहले तथ्यों से कोई छेड़छाड़ न हो और जांच की प्रक्रिया चलती रहे, इसके लिए मुख्यालय स्तर से एडीजी क्राइम की अध्यक्षता में एआईटी का गठन किया था। एसआईटी की टीम शुक्रवार को देवरिया पहुंच जाएगी।
एक आईपीएस अधिकारी की भूमिका संदिग्ध
इस पूरे मामले में अभी तक की जांच में एक आईपीएस अधिकारी की भूमिका भी संदिग्ध बताई जा रही है। सूत्रों का कहना है कि उक्त आईपीएस अफसर पूर्व में देवरिया में तैनात रहे हैं और मौजूदा समय में वह डीआईजी के पद पर तैनात हैं।
सूत्रों का कहना है कि यह अफसर लगातार नारी संरक्षण गृह संचालिका गिरिजा त्रिपाठी के संपर्क में थे। घटना के खुलासे के दो दिन पहले तो उक्त अफसर की संचालिका से बात होने के दावे किए जा रहे हैं। हालांकि इसकी पुष्टि आधिकारिक रूप से किसी ने नहीं की है।