CM का खास प्लान, ऐसे सुधारेंगे पार्टी की छवि
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में मिली करारी हार के बाद प्रदेश सरकार अब आम जनता के बीच अपनी छवि सुधारने में जुट गई है। इसके लिए खास प्लान तैयार किया गया है। सरकार अपने अच्छे कामों को जनता तक पहुंचाएगी।
इसके लिए सरकार हाईटेक प्रचार-प्रसार व मीडिया की मदद लेगी। सभी विभागों के प्रमुख सचिव व सचिवों को अपने विभाग की उपलब्धियों व जन उपयोगी निर्णयों को मीडिया को बताने के निर्देश दिए गए हैं।
कहा गया है कि सभी प्रमुख सचिव 15 दिन में एक प्रेसनोट व एक महीने में प्रेसवार्ता जरूर करेंगे।
ऐसे रखी जाएगी नजर
प्रमुख सचिव सूचना नवनीत सहगल ने बताया कि सरकार ने इसके लिए एक शासनादेश भी जारी कर दिया है। इसमें कहा गया है कि कोई भी विभाग, संस्थाएं व निगम अपने स्तर से कोई भी विज्ञापन जारी नहीं करेंगे।
इसके लिए सूचना विभाग से परामर्श लेना होगा। सरकार की ओर से किए गए फैसलों तथा जनहित के निर्णयों की जानकारी जनता तक पहुंचाने के लिए नियमित प्रेसनोट व प्रेसवार्ता आयोजित की जाए।
सहगल ने बताया कि विकास एजेंडा 2014-15 के विषय में सभी विभाग समय-समय पर अपनी उपलब्धियां बताएंगे।
सूचना विभाग प्रत्येक माह विभागवार रिपोर्ट बनाकर मुख्य सचिव को प्रस्तुत करेगा। इसमें यह देखा जाएगा कि किस विभाग ने कितने प्रेसनोट जारी किए और कितनी प्रेसवार्ताएं कीं।
ये है कारण
लोकसभा चुनाव में करारी हार और 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा से मिलने वाली कड़ी टक्कर को ध्यान में रखकर सपा ने अपनी छवि सुधारने और जनकल्याणकारी योजनाओं को जनता के बीच पहुंचाने की योजना बनाई है।
उल्लेखनीय है कि अगर सपा को लोकसभा में मिली पांच सीटों के हिसाब से तुलना की जाए तो समाजवादी पार्टी सिर्फ 42 विधानसभा सीटों पर ही सिमट जाएगी।
ऐसे में सपा 2017 के लिए अभी से कोशिशें कर रही है, वहीं भाजपा ने भी यूपी जीतने के लिए अपने एजेंडे पर काम करना शुरू कर दिया, जिसके तहत प्रदेश के कई भाजपा नेताओं को केंद्रीय मंत्री बनाया गया है।