आमने-सामने: सपा नेता बोले- डबल इंजन विकास नहीं डबल नुकसान कर रहा है, ऊर्जा मंत्री का जवाब- शिलान्यास के साथ लोकार्पण भी कर रही सरकार
समाजवादी पार्टी के नेता और दो बार विधायक रहे डॉ. धर्मपाल सिंह का कहना है कि डबल इंजन की सरकार विकास नहीं प्रदेश का नुकसान कर रही है। उनके आरोपों पर योगी सरकार में ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने जवाब दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
उत्तर प्रदेश में विकास के दावों के साथ भाजपा चुनावी मैदान में ताल ठोकने को तैयार है तो विपक्ष दावे पर सवाल उठा रहा है। समाजवादी पार्टी के नेता और दो बार विधायक रहे डॉ. धर्मपाल सिंह का कहना है, प्रदेश सरकार हर मोर्चे पर फेल साबित हो रही है। किसानों की समस्या हो या शहर का विकास, सभी में केवल हवा-हवाई दावे किए जा रहे हैं। पेश है उनसे बातचीत के प्रमुख अंश...
सवाल- प्रदेश सरकार विकास के मुद्दे पर आगामी चुनाव में उतरेगी, सपा का क्या एजेंडा होगा?
जवाब - कैसा विकास और किसका विकास...? पूरे कार्यकाल में भाजपा सरकार ने प्रदेश में कौन सा विकास किया? आगरा लखनऊ एक्सप्रेसवे हो या पूर्वांचल एक्सप्रेसवे या फिर मेट्रो, सभी योजनाएं वही हैं जो सपा सरकार में शुरू की गई थीं। काम अखिलेश सरकार का और श्रेय योगी ले रहे हैं। आगरा, मथुरा, मैनपुरी से मंत्री बना दिए, पर हुआ क्या? आगरा मंडल के जिलों का पानी हरियाणा चुरा रहा है। न तो ये मंत्री उसे रुकवा पाए और न नहरों को पक्का करा सके। किसान भूगर्भ जल से सिंचाई कर रहा है जो लागत बढ़ाने के साथ उत्पादकता आधी कर रहा है। पूरे मंडल की कोई सड़क ऐसी नहीं जिसमें गड्ढे न हों। मंत्री अपने विभागों के काम भी तो नहीं करा पा रहे।
सवाल- ऊर्जा मंत्री का दावा है कि बिजली की 24 घंटे उपलब्धता उनकी सरकार ने की?
जवाब - आगरा मंडल को ताज ट्रैपेजियम जोन के कारण 24 घंटे बिजली देने का आदेश सुप्रीम कोर्ट का है। इसमें प्रदेश सरकार का कोई रोल नहीं। आगरा और टीटीजेड के जिलों में अब से नहीं, बल्कि 20 साल से 24 घंटे बिजली देने के आदेश हैं। इस सरकार ने किसानों के ट्यूबवेल कनेक्शन पर 63 हजार रुपये का अनुदान तो खत्म किया ही, सपा सरकार के समय 130 रुपये प्रति हॉर्सपावर का बिल भी बढ़ाकर 170 रुपये प्रति हॉर्स पावर कर दिया।
सवाल- सरकार तो किसानों के हित में कई सुविधाएं, प्रोत्साहन राशि देने का दावा कर रही है?
जवाब - डबल इंजन की सरकार किसान ही नहीं, सभी का डबल नुकसान कर रही है। किसानों पर पहली बार बिजली कनेक्शन पर 18 प्रतिशत जीएसटी वसूला जा रहा है, जबकि यह पहले कभी नहीं था। बिल जमा नहीं करने से कनेक्शन कटने पर एक हजार रुपये पुन: संयोजन के नाम पर ले रहे हैं, उस पर भी 18 फीसदी जीएसटी लगाई जा रही है। बैठे बिठाए कागजों पर कटे कनेक्शन के लिए किसान को 1180 रुपये देने पड़ रहे हैं। न कोई नया बिजलीघर बनाए न बिल में रियायत दी।
ऊर्जा मंत्री का दावा- ब्रज का विकास इससे पहले इतना नहीं हुआ
ऊर्जा मंत्री व मथुरा के विधायक श्रीकांत शर्मा की गिनती तेजतर्रार नेताओं में होती है। उनका कहना है कि भाजपा सरकार ने सभी जिलों को बगैर भेदभाव बिजली दी। जबकि आरोप लगाने वाले सिर्फ चार जिलों में बिजली देते थे। वह विपक्ष के हर सवाल पर बेबाकी से जवाब देते हैं।
सवाल- विपक्ष का आरोप है कि आप महंगी बिजली दे रहे हैं?
जवाब - आरोप लगाने वाले पहले सिर्फ चार जिलों में बिजली देते थे। भाजपा सरकार ने बगैर भेदभाव 75 जिलों को बिजली दी। बिना कटौती के 9000 मेगावाट अधिकतम मांग की सफल आपूर्ति भी हुई। आज 7.55 रुपये लागत वाली बिजली किसानों को 1.25 रुपये और गरीब परिवारों को 3 रुपये में मिल रही है। करीब 11,650 करोड़ रुपये की सब्सिडी हमारी सरकार दे रही है।
सवाल- विपक्ष का कहना है कि आप उनके कार्यों का श्रेय ले रहे हैं?
जवाब - मोदी और योगी जी की डबल इंजन की सरकार है। हम जिस योजना का शिलान्यास करते हैं, लोकार्पण भी हम ही करते हैं। प्रदेश की सरकार पहले काम करती है और उसका उद्घाटन करके जनता को यह बताती है कि हम किसी प्रोजेक्ट को समय पर पूरा करते हैं। किसी भी प्रोजेक्ट में घोटाला नहीं सुना होगा।
सवाल- आरोप है कि मथुरा-वृंदावन विकास में पिछड़ गया?
जवाब - वर्ष 2017 तक विकास में पिछड़ा था, लेकिन जैसे ही भाजपा की सरकार बनी ब्रज के पुरातन स्वरूप को लौटाने के प्रयास के साथ ही बुनियादी आधुनिक सुविधाओं के विकास पर तेजी से कार्य हुए हैं। ब्रज तीर्थ विकास परिषद और मथुरा-वृंदावन नगर निगम का गठन किया गया। 25 एमएलडी गंगाजल की 75 हजार घरों में आपूर्ति हो रही है।
सवाल- विपक्ष का तो आरोप है कि सरकार मंदिर मुद्दे में उलझाए रखने का काम कर रही है?
जवाब - भाजपा का शुरू से ही मंदिर बनाने का लक्ष्य था। सरकार बनने के बाद कानून की लड़ाई लड़ी गई। अयोध्या में राम मंदिर बन रहा है। पूरी दुनिया खुश है। यहां तक कि विपक्ष वाले भी खुश हैं। पार्टी ने अगर मंदिर की बात की तो मस्जिदों का भी सम्मान किया है। पार्टी धार्मिक भावनाएं भड़काने का काम नहीं करती है।