विधान परिषद में सपा भारी, आठ प्रत्याशी निर्विरोध चुने गए
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधान परिषद में स्थानीय प्राधिकारी क्षेत्र की 36 सीटों में से आठ पर निर्विरोध प्रत्याशी जीत गए हैं। ये सभी सपा के हैं। नाम वापसी के बाद लखनऊ-उन्नाव सीट से सुनील सिंह साजन निर्विरोध चुनाव जीत गए हैं।
मेरठ-गाजियाबाद सीट से राकेश यादव व बांदा- हमीरपुर सीट से रमेश मिश्र ने बगैर चुनाव लड़े ही बाजी मार ली। कई स्थानों पर भाजपा के प्रत्याशियों द्वारा नाम वापस लेने से सपा बिना चुनाव में उतरे ही जीत गई।
पांच प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध जीत गए थे क्योंकि यहां एक-एक प्रत्याशी ही मैदान में थे। इनकी जीत की केवल औपचारिक घोषणा ही बाकी थी। नाम वापसी के बाद बृहस्पतिवार को सभी आठ स्थानों पर निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा कर दी गई।
बृहस्पतिवार को लखनऊ-उन्नाव सीट से भाजपा प्रत्याशी अनिरुद्ध सिंह ने नाम वापस ले लिया। इसलिए यहां से सपा के सुनील सिंह साजन अकेले प्रत्याशी बचे। इन्हें चुनाव आयोग ने निर्विरोध निर्वाचित कर दिया।
इन क्षेत्रों में भी प्रत्याशियों ने नाम वापस लिया
मेरठ-गाजियाबाद में भाजपा प्रत्याशी वीरेन्द्र के अलावा चार अन्य निर्दलीय प्रत्याशियों ने भी नाम वापस ले लिया। इससे यहां भी सपा के राकेश यादव निर्विरोध चुनाव जीत गए हैं।
बांदा-हमीरपुर सीट से भी भाजपा प्रत्याशी आनंद कुमार सहित तीन प्रत्याशियों ने नाम वापस ले लिया। इसलिए यहां भी सपा के रमेश चन्द्र मिश्र निर्विरोध जीत गए हैं।
कहां से कौन हुए निर्विरोध निर्वाचित
सीतापुर- आनंद भदौरिया
लखनऊ-उन्नाव- सुनील सिंह साजन
प्रतापगढ़- अक्षय प्रताप सिंह
बांदा-हमीरपुर- रमेश चन्द्र मिश्र
आगरा-फीरोजाबाद- दिलीप सिंह
मथुरा-एटा-मैनपुरी- अरविन्द प्रताप व उदयवीर
मेरठ-गाजियाबाद- राकेश यादव
28 सीटों के लिए होगा मतदान
नाम वापसी के बाद अब केवल 28 सीटों के लिए तीन मार्च को मतदान होगा। बृहस्पतिवार को कुल 35 सदस्यों ने नाम वापस लिए हैं। ऐसे में अब 28 सीटों पर कुल 97 प्रत्याशी मैदान में बचे हैं।
रामपुर-बरेली, जौनपुर व मुजफ्फरनगर-सहारनपुर सीट ऐसी है जहां से सबसे अधिक छह-छह प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं।
वहीं, बदायूं, हरदोई, सुल्तानपुर, बहराइच, गोंडा, बस्ती-सिद्धार्थनगर, बलिया, मिर्जापुर-सोनभद्र, झांसी-जालौन-ललितपुर, अलीगढ़ व बुलंदशहर सीट पर सीधा मुकाबला है। यहां दो-दो प्रत्याशी मैदान में हैं।