कुर्सी बचाने के लिए सपा में चल रहा 'सफाई' अभियान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
लोकसभा चुनाव में पराजय से परेशान सपा विधायक व मंत्री पार्टी मुखिया मुलायम सिंह यादव को सफाई देने में जुटे हैं।
कुछ विधायक और मंत्री सपा मुखिया को तथ्यों सहित यह बता रहे हैं कि पार्टी के सांसद प्रत्याशी को वह भले ही चुनाव न जिता पाए हों लेकिन उन्होंने विधानसभा चुनाव में मिले अपने वोटों को बरकरार ही नहीं रखा बल्कि उसमें बढ़ोतरी भी की है। अपने से ज्यादा वोट पार्टी के सांसद प्रत्याशी को दिलाए हैं।
झांसी जिले की मऊरानीपुर से विधायक डॉ. रश्मि आर्य की तरफ से दिए गए ब्यौरे में बताया गया है कि उन्हें विधानसभा चुनाव में जितने मत मिले थे, लोकसभा चुनाव में उससे लगभग 23 हजार ज्यादा वोट सपा उम्मीदवार को मिले।
सभी दे रहे हैं अपने-अपने तर्क
विधानसभा चुनाव में डॉ. रश्मि आर्य को 67,785 वोट मिले थे जबकि लोकसभा चुनाव में मऊरानीपुर में सपा को 91,626 वोट मिले हैं।
इसी तरह से गाजीपुर सदर सीट से विधायक और प्रदेश सरकार में अतिरिक्त ऊर्जा स्रोत राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) विजय मिश्र ने बताया है कि उनके क्षेत्र से भी विधानसभा चुनाव की तुलना में लोकसभा चुनाव में पार्टी उम्मीदवार को ज्यादा मत मिले हैं।
मतगणना ब्यौरे के अनुसार, मिश्र को विधानसभा चुनाव में गाजीपुर सदर सीट पर 49,561 वोट मिले थे जबकि लोकसभा चुनाव में यहां सपा प्रत्याशी शिवकन्या कुशवाहा को 49,693 वोट मिले।
'प्रत्याशी को सहयोग न करने का आरोप गलत'
कैबिनेट मंत्री इकबाल महमूद भी सपा मुखिया को बता चुके हैं कि उन्हें विधानसभा चुनाव में 79,820 वोट मिले थे लेकिन लोकसभा चुनाव में उनके यहां 92,776 वोट सपा प्रत्याशी को मिले।
इसके अलावा कुछ अन्य विधायकों व मंत्रियों ने भी मतगणना का ब्यौरा देते हुए तर्क दिया है कि वह चुनाव भले ही हार गए हों लेकिन विधानसभा चुनाव में मिले वोटों की बढ़त को बरकरार रखने में सफल रहे हैं।
इसलिए उन पर प्रत्याशी को सहयोग न करने के आरोप गलत हैं।
'पार्टी को मजबूत बनाने में करें योगदान'
सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव ने सपा कार्यकर्ताओं से लोकसभा चुनाव में मिली हार की चिंता छोड़कर पार्टी को मजबूत बनाने में जुटने को कहा है।
उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी सांप्रदायिकता के खिलाफ लड़ती रही है। इससे समझौता करने का सवाल ही नहीं उठता।
मुलायम शनिवार को यहां पार्टी मुख्यालय पर प्रदेश के महाधिवक्ता रहे समाजवादी नेता स्व. वीरेंद्र भाटिया की पुण्यतिथि पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा में बोल रहे थे।
मुलायम ने कहा कि सपा सरकार ने किसी के साथ कोई भेदभाव नहीं किया। समाजवादी सिद्धांत है कि सरकार सभी के लिए काम करने वाली होती है। वह हिंदू या मुसलमान के लिए काम करने के लिए नहीं होती। पार्टी इसी नीति पर चली है।
'भाजपा व कांग्रेस ने देश को किया तबाह'
मुलायम ने कहा कि केंद्र की आर्थिक नीतियों के चलते गरीबी व अमीरी के बीच खाई चौड़ी होती जा रही है। देश के 100 लोगों के पास अकूत संपत्ति आ गई और 100 करोड़ लोग भूखे और बेहद गरीब हैं।
भाजपा और कांग्रेस की नीतियों ने देश को तबाह किया है। सपा के प्रदेश अध्यक्ष मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी विचारधारा ही देश का कल्याण कर सकती है।
कार्यक्रम को स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन, पिछड़ा वर्ग कल्याण मंत्री अंबिका चौधरी, कारागार मंत्री राजेंद्र चौधरी, पूर्व मंत्री भगवती सिंह, स्व. भाटिया के पुत्र गौरव भाटिया ने भी संबोधित किया।