यूपी चुनाव: सपा ने फिर बदला प्रत्याशी, पहले वाले को ही टिकट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
अमेठी जिले की जगदीशपुर सीट से कैबिनेट मंत्री अवधेश प्रसाद के बेटे अजीत प्रसाद ही समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार होंगे। 24 घंटे के भीतर ही अजीत प्रसाद का टिकट दोबारा बहाल कर दिया गया।
गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी ने सोमवार को सात और उम्मीदवार बदल दिए थे। इनमें अजीत प्रसाद भी थे जिनका टिकट काटकर विमलेश सरोज को जगदीशपुर से उम्मीदवार घोषित किया गया था।
मंगलवार को कैबिनेट की बैठक के बाद अवधेश प्रसाद की मौजूदगी में जब मुख्यमंत्री से अजीत प्रसाद का टिकट काटे जाने को लेकर सवाल हुआ तो उन्होंने अवधेश प्रसाद की तरफ इशारा करते हुए कहा था कि ये भी नेताजी से बात करेंगे और हम भी करेंगे।
इसके थोड़ी ही देर बाद प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने अजीत प्रसाद का टिकट बहाल करने का एलान कर दिया।
अजीत है कैबिनेट मंत्री अवधेश के बेटे
इसके पहले सोमवार को ही सपा के प्रदेश अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव ने जगदीशपुर सीट पर अजीत प्रसाद का टिकट काटकर विमलेश सरोज को उम्मीदवार बनाया था।
अजीत कैबिनेट मंत्री अवधेश प्रसाद के बेटे हैं। रायबरेली की तिलोई सीट पर मयंकेश्वर शरण सिंह की जगह जैनुल हसन को उम्मीदवार बनाया गया था।
जैनुल हसन जिला पंचायत सदस्य रह चुके हैं और सपा की जिला इकाई में कोषाध्यक्ष हैं। इसके अलावा कई और उम्मीदवारों के टिकट सोमवार को बदले गए थे।
हरदोई की बिलग्राम मल्लावां सीट से सुभाष पाल के स्थान पर अनीस मंसूरी को टिकट दिया गया। अनीस लंबे समय से पसमांदा समाज को जोड़ने का काम कर रहे हैं।
ये उम्मीदवार भी बदले गए थे
माधवगढ़ में लाखन सिंह कुशवाहा की जगह आरपी निरंजन और कालपी में विष्णुपाल सिंह उर्फ नन्नू राज के स्थान पर अनूप कुमार सिंह को उम्मीदवार बनाया गया।
सपा अब तक कुल 175 सीटों पर उम्मीदवार घोषित कर चुकी है। हारी हुई केवल चार सीटों पर सपा प्रत्याशियों का एलान होना बाकी है।
अमापुर व खागा में 48 घंटे में ही नए प्रत्याशी
अमापुर (कासगंज) और खागा (फतेहपुर) सीट पर तो घोषित प्रत्याशियों को 48 घंटे के भीतर ही बदल दिया गया। अमापुर से वीरेंद्र सोलंकी के स्थान पर राहुल पांडेय और खागा से ओमप्रकाश गिहार की जगह विनोद पासी को उम्मीदवार बनाया है। इन दोनों प्रत्याशियों की घोषणा 10 दिसंबर को की गई थी।