फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Lucknow News ›   Shivraj Chauhan said- Modi is running Operation Ganga and Akhilesh used to run Operation Riot

सवाल-जवाब : शिवराज चौहान ने कहा- मोदी चला रहे हैं ऑपरेशन गंगा और अखिलेश चलाते थे ऑपरेशन दंगा

Sat, 05 Mar 2022 08:44 PM IST
दुष्यंत शर्मा अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ
अमर उजाला नेटवर्क, लखनऊ Published by: दुष्यंत शर्मा Updated Sat, 05 Mar 2022 08:44 PM IST
सार

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवतार स्वरूप बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री यूक्रेन से भारतीय बच्चों की सकुशल वापसी के लिए निजी तौर पर सक्रिय हैं।

विज्ञापन
Shivraj Chauhan said- Modi is running Operation Ganga and Akhilesh used to run Operation Riot
शिवराज सिंह चौहान - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान इन दिनों यूपी के चुनाव अभियान में स्टार प्रचारक की भूमिका में हैं। अपनी चुनावी सभाओं में वे अखिलेश यादव पर तीखे प्रहार कर रहे हैं। प्रचार के अंतिम चरण में वे तूफानी दौरे कर रहे हैं। शुक्रवार को ओबरा में चुनावी सभा कर हेलिकॉप्टर से लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरने के तत्काल बाद राजकीय विमान से उन्हें भोपाल जाना था। इसी दौरान उन्होंने एयरपोर्ट के वीआईपी लाउंज में लखनऊ के संपादक राजीव सिंह के साथ पुरानी पेंशन, प्रदेश में विकास और योगी सरकार के कामकाज पर विस्तार से बातें कीं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अवतार स्वरूप बताते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री यूक्रेन से भारतीय बच्चों की सकुशल वापसी के लिए निजी तौर पर सक्रिय हैं। प्रस्तुत है उनसे बातचीत के अंश...

विज्ञापन


चुनावी सभाओं में आप प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को तो भगवान बता रहे हैं, जबकि अखिलेश को दंगेश व सपा को सांप्रदायिकता फैलाने वाली पार्टी बता रहे हैं?
विज्ञापन

जो लोगों का जीवन बचा रहे हैं या आम लोगों की जिंदगी बेहतर बनाएं, उन्हें भगवान का स्वरूप ही कहना चाहिए। आज यूक्रेन में फंसे भारतीय बच्चों को बचाने के लिये नरेंद्र मोदी दिन-रात प्रयास कर रहे हैं। मोदी जी बच्चों को बचाने के लिये ऑपरेशन गंगा चला रहे हैं, जबकि अखिलेश ऑपरेशन दंगा चलाते थे। कोविड काल में भी दुनिया भर में फंसे भारतीयों को स्वदेश लाया गया। कोरोना की रोकथाम के लिए वैक्सीन पर काम किया गया। देश भर के लोगों को मुफ्त वैक्सीन की सुविधा दी गई। संकट में फंसे लोगों को मुफ्त राशन दिलाया गया। योगी आदित्यनाथ ने भी सांप्रदायिकता की आग में प्राय: जलने वाले उत्तर प्रदेश को एक दंगामुक्त राज्य बनाया। कानून-व्यवस्था को बेहतर बना कर राज्य में विकास के कार्य किए। आज प्रति व्यक्ति आय में यूपी काफी आगे निकला है और देश में राज्य की अर्थव्यवस्था दूसरे नंबर पर आ गई है। आज नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हर भारतीय सुरक्षित है। ऐसे में मोदी और योगी को ईश्वर का स्वरूप बताना ही उचित है। दूसरी ओर अखिलेश यादव की सरकार थ्री सी यानी करप्शन, कमीशन और क्राइम के फॉर्मूले पर चलती थी। अखिलेश यादव और उनकी पार्टी किसी की नहीं हुई। अखिलेश आज के औरंगजेब हैं। औरंगजेब ने अपने पिता शाहजहां को ही कैद कर दिया था, अखिलेश ने भी 2017 में अपने पिता को हटा कर कमरे में बंद कर दिया। खुद ही पार्टी के सर्वेसर्वा बन गए। जो अपने पिता का नहीं हुआ वह जनता का क्या होगा। आज वैक्सीन भी बनी और करोड़ों लोगों को लगी भी। अखिलेश कहते थे, ‘वैक्सीन मत लगवा लेना, यह मोदी की वैक्सीन है’ और अकेले में जाकर खुद लगवा आए। वे अगर आज भाषण देने लायक बचे हैं तो वह केवल वैक्सीन के कारण ही।
विज्ञापन
विज्ञापन


योगी के कामकाज को आप कैसे देखते हैं?
योगी सरकार का कामकाज चूंकि सबको दिख रहा है इसलिए इसका आकलन करना बेहद सरल है। पांच साल में योगी सरकार ने एक्सीलेंट काम किया है। आज एक्सप्रेसवे बन रहे हैं, नए हवाई अड्डे बन रहे हैं। स्वास्थ्य सेवाएं बेहतर हुई हैं। मेट्रो ट्रेन की सुविधा कई शहरों को मिली है। कानून-व्यवस्था बेहतर हुई है, यह सबको दिख रहा है। इसके अलावा केंद्र की गरीबों के उत्थान के लिए बनी कल्याणकारी योजनाओं को भी योगी सरकार ने बेहतर ढंग से लागू किया है।

यूपी में प्रियंका गांधी काफी मेहनत कर रही हैं। यहां पर कांग्रेस की चुनौती को आप कैसा मानते हैं?
कांग्रेस अब बिल्कुल खत्म हो रही है। यह कांग्रेस का दुर्भाग्य है कि वहां नेतृत्व ही नहीं बचा है। राहुल गांधी बचकानी बातें करते हैं। उनकी मानसिक आयु मुझे बच्चों सी लगती है। पंजाब में एक अच्छी सरकार चल रही थी लेकिन राहुल गांधी ने उसे बर्बाद कर दिया।

...लेकिन यूपी में तो राहुल गांधी सक्रिय नहीं हैं और प्रियंका ने कमान संभाली हुई है। क्या इससे कांग्रेस की स्थिति में कोई बदलाव आएगा?
प्रियंका गांधी अकेले कुछ भी नहीं कर पाएंगी। राहुल स्वतंत्रता आंदोलन में बनी कांग्रेस को खत्म करने में लगे हुए हैं। इस परिवार की वजह से कांग्रेस खात्मे की ओर ही जाएगी।

किसान आंदोलन की वजह से भाजपा के प्रति नाराजगी है। इसका चुनाव पर कितना असर पड़ेगा?
मुझे नहीं लगता है कि किसानों में कोई नाराजगी है। हम किसान हितैषी हैं। केंद्र की मोदी सरकार ने किसान सम्मान निधि की योजना लागू की है। समर्थन मूल्य के जरिये भी किसानों को लाभ दिया जा रहा है। यूपी सरकार ने भी कर्जमाफी जैसे अच्छे उपाय किए हैं।
अखिलेश पुरानी पेंशन बहाली का वादा कर रहे हैं। राजस्थान सरकार ने घोषणा भी कर दी। क्या आपकी सरकार पर भी दबाव है।

इस पर भाजपा सरकार का क्या रुख रहेगा?
हम इस पर पूरी समग्रता के साथ और सभी पक्षों का ध्यान रख कर फैसला करेंगे। भाजपा सरकार कर्मचारियों की भी हितैषी है, पूरा ध्यान रखा जाएगा।

यूक्रेन से बच्चों को लाने में क्या कुछ देरी हुई है? विपक्ष इसे मुद्दा बना रहा है।
विपक्ष के पास कुछ मुद्दा ही नहीं है। इसलिए वे बेवजह की बातें कर रहे हैं। चार-चार केंद्रीय मंत्री यूक्रेन के पड़ोसी देशों में डेरा डाले हैं। बच्चों को युद्धग्रस्त यूक्रेन के अंदर से सुरक्षित निकालने के हर संभव प्रयास किए जा रहे है। केंद्र सरकार बच्चों से संवाद-संपर्क कर रही है। वायुसेना के साथ मिलकर विशेष उड़ानों की व्यवस्था भी की गई है। मेरी सरकार भी रोज इसकी समीक्षा कर रही है। विपक्ष तो मोदीफोबिया से ग्रस्त है।

यूपी में चुनाव अभियान की कमान आप किसके हाथ में मानते हैं, योगी या मोदी के?
इसे समग्रता में देखा जाना चाहिए। चुनाव एक महाभारत की तरह है। न्याय और अन्याय के बीच जंग चल रही है। सब अपनी भूमिका का निर्वाह कर रहे हैं। महाभारत में बर्बरीक ने भी कहा था कि उसने तो सिर्फ एक को लड़ते हुए देखा था और वह भगवान कृष्ण थे। इसी तरह प्रधानमंत्री मोदी के पीछे पूरे देश का समर्थन है। वे एक समृद्ध और वैभवशाली भारत के निर्माण का कार्य कर रहे हैं। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कई असाधारण काम किए हैं।


मुख्तार के बेटे अब्बास का हिसाब जनता करेगी
शिवराज सिंह ने मुख्तार अंसारी के बेटे के बयानों पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, योगी राज में उत्तर प्रदेश की भूमि माफिया से मुक्त हो रही है, गुंडे-बदमाश जेलों में हैं। सपा के राज में इनकी जो दबंगई चलती थी वो अब नहीं है, फिर भी सपा के विधायक गुंडागर्दी करते हैं। उन्होंने कहा, मुख्तार अंसारी के बेटे अब्बास अंसारी कह रहे हैं कि अखिलेश की सरकार आने दो, सबका हिसाब ले लेंगे। शिवराज ने कहा कि मुख्तार के बेटे का हिसाब तो जनता करेगी। 10 मार्च के बाद बाबा का ऐसा बुलडोजर चलेगा कि माफिया की सारी अकड़ निकल जाएगी।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed