यूपी में मिले सात नए कोरोना पॉजिटिव, 103 पहुंची संख्या, बाहर से आने वाले रहेंगे क्वारंटीन में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
नोवेल कोरोना वायरस संक्रमित सात नए मरीज मंगलवार को भी सामने आए। इनमें से पांच बरेली के हैं और वहीं भर्ती हैं। इनके नमूनों की जांच केजीएमयू लखनऊ में हुई थी। सभी पॉजिटिव क्लोज कांटैक्ट वाले हैं। इसके अलावा नोएडा और गाजियाबाद का एक-एक मरीज सामने आया है।
प्रदेश में इसी के साथ कोरोना पॉजिटिव लोगों की संख्या बढ़कर 103 हो गई है। नोएडा में अब 39 पॉजिटिव हो गए हैं। दूसरे नंबर पर 19 मरीजों के साथ मेरठ है और तीसरे नंबर पर 11 पॉजिटिव मरीजों के साथ आगरा है। लखनऊ में नौ, गाजियाबाद में आठ, मेरठ में छह, पीलीभीत-वाराणसी में दो-दो, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद, कानपुर, जौनपुर, शामली बागपत, बरेली, बुलंदशहर में एक-एक पॉजिटिव व्यक्ति मिल चुका है।
मुख्यमंत्री का आदेशः बाहर से आए हर व्यक्ति को शेल्टर होम में करें क्वारंटीन
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कोरोना वायरस पर नियंत्रण के लिए पिछले तीन दिनों में अन्य राज्यों से आए लोगों को उनके गांवों में भेजने से पहले जिला स्तर पर स्थापित शेल्टर होम्स में क्वारंटीन करने का निर्देश दिया है। मुख्यमंत्री मंगलवार को अपने सरकारी आवास पर कोरोना वायरस पर नियंत्रण के लिए लागू लॉकडाउन व्यवस्था की वरिष्ठ अधिकारियों के साथ समीक्षा कर रहे थे।
मुख्यमंत्री ने कहा है कि अन्य राज्यों से आए लोगों को उनके गांवों में भेजने से पहले क्वारंटीन करने के लिए विद्यालयों, सामुदायिक केंद्रों को शेल्टर होम में बदला जाए और वहां सोशल डिस्टेंसिंग का पूरा ध्यान रखा जाए। शेल्टर होम में भोजन, पानी, दवा की पूरी व्यवस्था की जाए। वहां स्वास्थ्य विभाग की टीम लगाई जाए तथा रखे गए लोगों की नियमित थर्मल स्कैनिंग की जाए। उन्होंने लॉकडाउन व्यवस्था को शत प्रतिशत सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाने और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने का निर्देश दिया।
हर जिले में प्रभारी अधिकारी की नियुक्ति के फरमान
मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में मुख्य चिकित्सा अधिकारी के अलावा एक वरिष्ठ अधिकारी को प्रभारी बनाकर तैनात करने का निर्देश दिया है। यह अधिकारी संबंधित जिले में कैम्प करेगा। इस अधिकारी के साथ एक टीम की भी नियुक्ति की जाएगी। नियुक्त अधिकारी व टीम का समुचित प्रशिक्षण देकर सभी उपकरणों से युक्त किया जाए।
आर्मी मेडिकल कोर व केन्द्र-राज्य के सेवानिवृत चिकित्सकों की लें सेवाएं
मुख्यमंत्री ने आर्मी मेडिकल कोर व केंद्र तथा राज्य सरकार के सेवानिवृत चिकित्सकों की सेवाएं भी लेने का निर्देश दिया है। उन्होंने आइसोलेशन वार्ड और क्वारंटीन वॉर्ड अलग-अलग बनाने, कोरोना वायरस की जांच के लिए टेस्टिंग किट की संख्या बढ़ाने, पीपीई किट व मास्क की पर्याप्त उपलब्धता के लिए प्रभावी सप्लाई चैन बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने पीपीई किट व एन-95 मास्क की गुणवता भी सुनिश्चित करने को कहा है।
सामान परिवहन की दें अनुमति
मुख्यमंत्री कहा है कि केन्द्र सरकार के मार्ग निर्देशों के अनुरूप सामानों के परिवहन की अनुमति दी जाए। नोडल अधिकारी तैनात कर समुचित तरीके से सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए राशन का वितरण कराया जाए। राशन वितरण स्थलों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से की जाए। बैंकों में भी सोशल डिस्टेंसिंग का पालन कराया जाए। मुख्यमंत्री ने सभी जिलों में अनिवार्य रूप से कम्यूनिटी किचन, आटा, दाल व तेल मिलों का संचालन कराने का निर्देश दिया है।
अफसरों ने दूसरे राज्यों में रहने वाले प्रदेश के लोगों की मदद की दी रिपोर्ट
बैठक में मुख्य सचिव आरके तिवारी ने बताया कि गुजरात, केरल, हरियाणा, कर्नाटक, तमिलनाडु आदि राज्यों में रह रहे प्रदेशवासियों की भोजन, निवास आदि समस्याओं का समाधान कराया गया है। कृषि उत्पादन आयुक्त आलोक सिन्हा ने बताया कि विभिन्न संस्थाओं से भोजन प्राप्त करने व उसके वितरण के लिए एक मोबाइल एप विकसित कराया जा रहा है।
46 के खिलाफ एफआईआर
अपर मुख्य सचिव सूचना एवं गृह अवनीश कुमार अवस्थी ने बताया कि मुनाफाखोरी रोकने के लिए सभी जनपदों में रेटलिस्ट लगवायी जा रही है। अभी तक आवश्यक वस्तु अधिनियम में 46 व्यक्तियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराई गई है। अपर मुख्य सचिव वित संजीव कुमार मित्तल ने बताया कि प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के अनुरूप प्रदेश के दिव्यांग व निराश्रित महिलाओं के लिए भी आर्थिक सहायता की व्यवस्था की गई है।